एक इनामी नक्सली समेत चार नक्सली गिरफ्तार
By भाषा | Updated: March 31, 2021 20:33 IST2021-03-31T20:33:26+5:302021-03-31T20:33:26+5:30

एक इनामी नक्सली समेत चार नक्सली गिरफ्तार
दंतेवाड़ा, 31 मार्च छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने एक इनामी नक्सली समेत चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।
बस्तर क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि सुरक्षा बलों ने क्षेत्र के दंतेवाड़ा जिले में दो नक्सलियों को तथा बीजापुर जिले में दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संगठन के अध्यक्ष मन्नू उर्फ मोटू बारसा (24) और सदस्य सीताराम उर्फ सीतू ओयाम (20) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को सातधार-मंगनार मार्ग पर नक्सली गतिविधि की जानकारी मिली। जानकारी के बाद क्षेत्र के लिए पुलिस दल को रवाना किया गया। बाद में सुरक्षा बलों ने दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। नक्सली वहां बम लगाने का प्रयास कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने नक्सलियों से दो—दो किलोग्राम का दो टिफिन बम, वायर, बैटरी और कुल्हाड़ी बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सली मोटू बारसा पर एक लाख रुपए का इनाम है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में पुलिस ने नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में दो नक्सली वेट्टी हुंगा उर्फ कैलाश (30) और कुंजाम हड़मा (29) को गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जिला बल के संयुक्त दल को छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर रवाना किया गया था। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि नक्सली वेट्टी हुंगा नक्सलियों की जनताना स्कूल में शिक्षक था। वहीं कुंजाम हड़मा मिलिशिया प्लाटून का सदस्य है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ पुलिस दल पर हमला, हत्या और हत्या का प्रयास समेत कई मामले दर्ज हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।