असम की चार नाबालिग लड़कियों को राजस्थान और उत्तर प्रदेश से बचाया गया
By भाषा | Updated: June 24, 2021 21:30 IST2021-06-24T21:30:40+5:302021-06-24T21:30:40+5:30

असम की चार नाबालिग लड़कियों को राजस्थान और उत्तर प्रदेश से बचाया गया
रंगिया, 24 जून असम से कथित तौर पर तस्करी कर लाई गई नाबालिग लड़कियों को राजस्थान और उत्तर प्रदेश से बचाया गया। पुलिस ने बताया कि तीन लोगों को संबंधित राज्यों और असम से कथित तौर पर अपराध में शामिल होने के आरोप में पकड़ा गया है।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने ट्वीट किया, ‘‘शानदार असम पुलिस। कामरूप पुलिस ने स्मार्ट बहुराज्यीय ऑपरेशन में असम की चार लड़कियों को बचाया जिनकी तस्करी की गई थी। उन्हें राजस्थान के जयपुर और उत्तर प्रदेश के गोमती नगर से बचाया गया। तीन तस्करों को भी पकड़ा गया है।’’
पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि कामरूप ग्रामीण जिले की छायागांव पुलिस थाने में लड़कियों के माता-पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी जिसके बाद मामले में असम की एक महिला को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि महिला से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो राज्यों के अपने समकक्षों को संपर्क किया।
पुलिस ने बताया कि जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आसिफ अहमद और छायागांव पुलिस थाने के प्रभारी कोपिल पाठक के नेतृत्व में टीम 17 जून को इन दो राज्यों में गई और लड़कियों को बचाने के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया।
बचायी गई लड़कियों को असम में चिकित्सा परीक्षण के लिए भेजा गया है जबकि कथित तस्करों को ट्रांजिट रिमांड पर असम लाया गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।