दिल्ली में फैक्टरी की छत ढहने से चार की मौत, दो घायल
By भाषा | Updated: December 19, 2020 16:14 IST2020-12-19T16:14:06+5:302020-12-19T16:14:06+5:30

दिल्ली में फैक्टरी की छत ढहने से चार की मौत, दो घायल
नयी दिल्ली, 19 दिसंबर पश्चिमी दिल्ली के ख्याला क्षेत्र में स्थित एक फैक्टरी की छत शनिवार को ढह गई जिससे चार मजदूरों की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
ख्याला के विष्णु गार्डन इलाके में स्थित फैक्टरी में मोटर वाइंडिंग का काम होता था।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के निदेशक अतुल गर्ग ने कहा कि अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी पूर्वाह्न लगभग 10 बजे मिली जिसके बाद दमकल की चार गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) सुबोध कुमार ने कहा कि घटना के समय तीन महिलाओं समेत छह मजदूर फैक्टरी में मौजूद थे।
कुमार ने कहा कि अधिकारियों के एक दल ने उन्हें बाहर निकाला और दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल तथा गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल ले जाने पर, छह में से चार मजदूरों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया और दो का इलाज चल रहा है।
मृतकों की पहचान साइना (36), गुड्डी (45), ट्विंकल (25) और रमेश (35) के रूप में की गई है।
फैक्टरी का मालिक महेंद्र पाल नामक व्यक्ति है जो उत्तम नगर का निवासी है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पटेल नगर के सब डिविजनल मजिस्ट्रेट को मामले से अवगत करा दिया गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।