पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह की अस्थियां संगम में विसर्जित
By भाषा | Updated: September 10, 2021 19:54 IST2021-09-10T19:54:30+5:302021-09-10T19:54:30+5:30

पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह की अस्थियां संगम में विसर्जित
प्रयागराज, 10 सितंबर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह की अस्थियां शुक्रवार को उनके बेटे सांसद राजवीर सिंह और पोते संदीप सिंह ने यहां संगम में विसर्जित की। उनके साथ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद थे।
स्वर्गीय कल्याण सिंह के अस्थि विसर्जन से पूर्व उनका अस्थि कलश संगम तट पर बने एक पंडाल में रखा गया जहां प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी ने कलश पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
अस्थि विसर्जन के बाद स्वर्गीय कल्याण सिंह के पुत्र राजवीर सिंह ने बताया कि बाबू जी (स्वर्गीय कल्याण सिंह) का अस्थि कलश पांच स्थानों में से चार जगह जा चुका है। बाबू जी की कर्मस्थली रही बुलंदशहर और एटा में उनकी अस्थियों का विसर्जन हुआ। अयोध्या में भी सरयू नदी में उनकी अस्थियां विसर्जित की गईं और आज यहां संगम में अस्थि विसर्जन हुआ।
उन्होंने बताया कि बाबू जी का सपना (राम मंदिर का) पूरा हो गया। उनके दो सपने थे- पहला उनकी अर्थी भाजपा के झंडे में उठे और दूसरा राम मंदिर का दर्शन करने के बाद ही वे दुनिया से जाएं। ये दोनों सपने पूरे हुए। बाबू जी शरीर से भले नहीं हैं, लेकिन वह करोड़ों लोगों की दिलों में हैं और हमेशा अमर रहेंगे।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “बाबू जी की तेरहवीं पर भी वर्षा हो रही थी और आज अस्थि विसर्जन के समय भी वर्षा हो रही थी.. वह देवपुरुष थे और धरती पर अपनी लीला करने आए थे। उन्होंने एक जन्म में एक हजार जन्म का काम करके हमें आदर्श मार्ग प्रदान किया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।