भाजपा के पूर्व विधायक कार्लोस अल्मेडा कांग्रेस में शामिल हुए
By भाषा | Updated: December 22, 2021 18:36 IST2021-12-22T18:36:00+5:302021-12-22T18:36:00+5:30

भाजपा के पूर्व विधायक कार्लोस अल्मेडा कांग्रेस में शामिल हुए
पणजी, 22 दिसंबर गोवा में भाजपा के पूर्व विधायक कार्लोस अल्मेडा बुधवार को पणजी में कांग्रेस में शामिल हो गए। अल्मेडा ने एक दिन पहले ही गोवा में सत्ताधारी भाजपा और विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। गोवा में कुछ ही माह में विधानसभा चुनाव होने हैं।
अल्मेडा गोवा के लिए कांग्रेस के प्रभारी दिनेश गुंडू राव, गोवा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश चोडणकर और विपक्ष के नेता दिगंबर कामत सहित अन्य की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हुए।
चोडणकर ने कहा कि अल्मेडा के आने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। वास्को से विधानसभा के लिए चुने गए अल्मेडा भाजपा से इस्तीफा देने वाले दूसरे विधायक हैं। इससे पहले अलीना सल्दान्हा ने भाजपा से इस्तीफा दिया था। चोडणकर ने कहा, ‘‘गोवा के लोग कभी भी गोवा में भाजपा को सत्ता में वापस नहीं लाएंगे। भाजपा सरकार में राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है।’’ उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई और विभिन्न घोटालों के लिए भाजपा सरकार की 'गलत' नीतियां जिम्मेदार हैं।
कामत ने कहा कि अल्मेडा ने कांग्रेस में शामिल होकर सही फैसला लिया है। 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा के लिए चुनाव 2022 की शुरुआत में होने हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।