नीतीश सरकार ने 'चोरी करके' सत्ता हासिल की, राबड़ी देवी ने कहा- महाराष्ट्र और हरियाणा में विधायकों को 50–60 करोड़ रुपये देकर खरीदा

By एस पी सिन्हा | Updated: February 6, 2026 15:50 IST2026-02-06T15:48:56+5:302026-02-06T15:50:09+5:30

मौजूदा सरकार ने 'चोरी करके' सत्ता हासिल की है। आरोप लगाया कि वोट उनके पक्ष में पड़ा, लेकिन मशीनों में गड़बड़ी कर सरकार बना ली गई।

Former Bihar CM Rabri Devi launched scathing attack government saying formed tampering machines | नीतीश सरकार ने 'चोरी करके' सत्ता हासिल की, राबड़ी देवी ने कहा- महाराष्ट्र और हरियाणा में विधायकों को 50–60 करोड़ रुपये देकर खरीदा

file photo

Highlightsराबड़ी देवी ने कहा कि चुनाव में हम लोगों का जीत हुआ है। विधायक खरीदते हैं और फिर दूसरों पर आरोप लगाते हैं। महाराष्ट्र और हरियाणा में विधायकों को 50–60 करोड़ रुपये देकर खरीदा गया।

पटनाः बिहार विधान परिषद के बाहर शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी के नेतृत्व में विपक्षी नेताओं ने किसानों के मुद्दे को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विपक्ष का आरोप है कि राज्य सरकार किसानों के लिए कोई ठोस काम नहीं कर रही है। उनका कहना है कि कृषि रोड मैप के नाम पर सिर्फ घोषणाएं हो रही हैं। जबकि जमीनी स्तर पर किसानों को कोई सहायता नहीं मिल रही है। इसी मांग को लेकर विपक्ष ने सदन के बाहर विरोध जताया। इस दौरान राबड़ी देवी ने सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि जनता ने बहुमत विपक्ष को दिया था। लेकिन मौजूदा सरकार ने 'चोरी करके' सत्ता हासिल की है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट उनके पक्ष में पड़ा, लेकिन मशीनों में गड़बड़ी कर सरकार बना ली गई।

राबड़ी देवी ने कहा कि चुनाव में हम लोगों का जीत हुआ है। ये लोग चोरी से सरकार बनाएं है। हम लोगों को 1 करोड़ 90 लाख वोट मिला, उनको क्या मिला? आधा वोट भी नहीं। राबड़ी देवी ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार और भाजपा खुद करोड़ों रुपये देकर विधायक खरीदते हैं और फिर दूसरों पर आरोप लगाते हैं।

उन्होंने अन्य राज्यों का उदाहरण देते हुए दावा किया कि महाराष्ट्र और हरियाणा में विधायकों को 50–60 करोड़ रुपये देकर खरीदा गया। राबड़ी देवी ने कहा कि यह सब जनता देख रही है और बिहार की जनता भी सब समझ रही है। चोरी से जीता है और सरकार बनाया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष किसानों के हक के लिए लगातार लड़ाई लड़ता रहेगा और सरकार को इस मुद्दे पर जवाब देना होगा।

राबड़ी देवी ने कहा कि नीतीश सरकार जनादेश का सम्मान नहीं करती और सत्ता बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार किसानों की समस्याओं से ध्यान भटकाने में जुटी है। किसानों की हालत खराब है, लेकिन सरकार असली मुद्दों पर बात करने के बजाय ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है।

विपक्ष ने मांग की कि सरकार किसानों, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर जवाब दे। वहीं, राबड़ी देवी के आरोपों पर जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुली चुनौती दे डाली। उन्होंने कहा कि विपक्ष राजनीति कर रहा है। राबड़ी देवी भी बिहार की मुख्यमंत्री रह चुकी हैं और उनसे यह उम्मीद नहीं थी।

वहीं, नीट छात्रा की मौत पर राबड़ी देवी के आरोपों पर सम्राट चौधरी ने कहा कि कहा कि राबड़ी देवी के पास अगर कोई सबूत है तो वे पेश करें। अगर कोई मंत्री या फिर मंत्री का बेटा मामले में शामिल है तो उसे 24 घंटे के अंदर जेल भेजेंगे। अगर वे नाम नहीं बता रही हैं तो इसका मतलब यह है कि वह साक्ष्य को छुपा रही हैं. पुलिस ने जांच किया और एसआईटी ने अपना रिपोर्ट दिया।

सरकार को लगा और भी जांच की जरूरत है तब सीबीआई जांच कराई गई। दरअसल, राबड़ी देवी ने पटना में नीट छात्रा की मौत मामले में मंत्री के बेटे के इंवॉल्वमेंट की बात कही थी। यह भी कहा था कि सरकार पूरे मामले में लीपापोती कर रही है। मामले को रफा-दफा करने का आरोप उन्होंने लगाया था। सम्राट चौधरी ने कहा कि हम बेटियों के सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए काम कर रहे हैं।

Web Title: Former Bihar CM Rabri Devi launched scathing attack government saying formed tampering machines

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे