तमिलनाडु में मछुआरा संघों ने विरोध प्रदर्शन समाप्त किया
By भाषा | Updated: December 30, 2021 20:02 IST2021-12-30T20:02:04+5:302021-12-30T20:02:04+5:30

तमिलनाडु में मछुआरा संघों ने विरोध प्रदर्शन समाप्त किया
रामेश्वरम (तमिलनाडु), 30 दिसंबर एक जनवरी को रेल मार्ग अवरुद्ध करने की घोषणा करने वाले मछुआरा संघों ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी के नेतृत्व में वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
मछुआरा संघों ने हाल में श्रीलंकाई नौसेना द्वारा 63 भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी के विरोध में नाकेबंदी की घोषणा की थी। इन मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना द्वारा अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) का कथित तौर पर उल्लंघन करने और इसके क्षेत्रीय जल क्षेत्र में मछली पकड़ने के लिए गिरफ्तार किया गया था।
रामनाथपुरम के जिलाधिकारी शंकरलाल कुमावत, जिला पुलिस प्रमुख ई. कार्तिक और मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को मछुआरा संघों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की।
उन्होंने मछुआरा संघों को बताया कि मछुआरों की रिहाई के साथ-साथ श्रीलंका के कब्जे से नौकाओं को सुरक्षित वापस लेने के लिए बातचीत जारी है। इसके बाद, उन्होंने विरोध प्रदर्शन को वापस लेने और मछली पकड़ने की गतिविधियों को तीन जनवरी से फिर से शुरू करने का फैसला किया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।