लाइव न्यूज़ :

केरल की 15वीं विधानसभा का पहला सत्र आरंभ, विधायकों ने ली शपथ

By भाषा | Updated: May 24, 2021 21:04 IST

Open in App

तिरुवनंतपुरम, 24 मई कोविड-19 संबंधी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करते हुए केरल की 15वीं विधानसभा का पहला सत्र यहां सोमवार को आरंभ हो गया और इस दौरान नवनिर्वाचित विधायकों ने शपथ ली।

राज्य में 53 विधायक ऐसे हैं जो पहली बार विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं।

सदन की कार्यवाही सोमवार सुबह नौ बजे शुरू हुई और तीन घंटे से अधिक समय तक चली। इस दौरान 140 सदस्यीय सदन के 136 विधायकों ने शपथ ग्रहण की।

तीन विधायक- के बाबू (नेंमारा), एम विंसेट (कोवलम) और वी अब्दुर्रहमान (तानुर) स्वास्थ्य कारणों से सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं हो सके। अब्दुर्रहमान खेल मंत्री भी हैं।

कुन्नमंगलम से विधायक एवं प्रोटेम स्पीकर पी टी ए रहीम ने पिछले सप्ताह राजभवन में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के समक्ष पहले ही शपथ ग्रहण कर ली थी।

विधायकों का नाम वर्ण क्रम के अनुसार बुलाया गया और उन्हें रहीम ने शपथ दिलाई।

सबसे पहले इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नेता अब्दुल हमीद मास्टर ने शपथ ग्रहण की, जो सदन में वल्लिक्कुन्नू निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। वडक्कनचेरी से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) विधायक जेवियर चित्तिलापिल्ली ने सबसे आखिर में शपथ ग्रहण की।

पिछले चार दशक में लगातार दूसरी बार पदभार ग्रहण कर सदन के इतिहास में अपना नाम दर्ज करा चुके मुख्यमंत्री पिनराई विजयन (77) ने सत्यनिष्ठा की शपथ ली, जबकि उनके कुछ कैबिनेट सहयोगियों ने ईश्वर के नाम पर शपथ ग्रहण की। विजयन का आज जन्मदिन भी है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन को हराने वाले मंजेश्वरम से विधायक एकेएम अशरफ ने कन्नड़ में शपथ ग्रहण करके सबका ध्यान आकर्षित किया। वहीं, तमिलनाडु की सीमा से लगे इडुक्की जिले में देवीकुलम का प्रतिनिधित्व करने वाले ए राजा ने तमिल में शपथ ली।

अधिकतर विधायकों ने अपनी मातृभाषा मलयालम में शपथ ली, जबकि कुछ विधायकों ने अंग्रेजी में शपथ ली।

वडकारा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली रेवोल्यूशनरी मार्क्सिस्ट पार्टी (आरएमपी) नेता के के रेमा अपने दिवंगत पति टीपी चंद्रशेखरन की तस्वीर वाला बैज लगाकर पहुंचीं। चंद्रशेखरन की राजनीतिक गुडों ने हत्या कर दी थी।

विजयन और उनके दामाद पी ए मोहम्मद रियास को सदन में साथ देखना दिलचस्प रहा। रियास पीडब्ल्यूडी और पर्यटन मंत्री भी हैं।

विपक्षी कांग्रेस नीत यूडीएफ में बड़ा बदलाव देखने को मिला और रमेश चेन्नीतला की जगह वी डी सतीशन को विपक्ष का नेता बनाया गया।

इससे पहले के पांच साल के विपरीत इस बार सदन में भाजपा-राजग का कोई नेता नहीं है, क्योंकि पार्टी को अपनी एकमात्र नेमोम सीट पर भी इस बार हार का सामना पड़ा। इंडियन नेशनल लीग को अहम्मेद देवर कोविल के रूप में सदन में अपना मंत्री मिला।

मुख्यमंत्री और मंत्रियों के कृष्णन कुट्टी एवं ए के शशिंद्रन के अलावा 21 सदस्यीय कैबिनेट में 18 नए चेहरे हैं।

पुतुपल्ली से लगातार 12वीं बार चुने गए पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी सदन में अनुभव के मामले में सबसे वरिष्ठ हैं। उनके बाद केरल कांग्रेस नेता पी जे जोसेफ है, जो 10वीं बार निर्वाचित हुए हैं।

मार्क्सवादी दल के सदस्य 27 वर्षीय के एम सचिन देव 15 वीं विधानसभा में सबसे कम उम्र के विधायक हैं।

सदन की कार्यवाही के दौरान कोविड-19 संबंधी नियमों का पालन किया गया। विधानसभा के नए अध्यक्ष का चयन मंगलवार को किया जाएगा।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

विश्वझुके ट्रंप? अमेरिका के 2 हफ्तों के युद्धविराम को ईरान ने बताया ऐतिहासिक जीत, कही ये बात

विश्वइस ड्रोन और उस ड्रोन में कितना फर्क है...!

भारतनिजी जासूसी एजेंसियों को लेकर नई चिंताएं

विश्वहोर्मुज जलडमरूमध्य खोलने पर सहमत ईरान?, 14 दिन बमबारी और हमले रोकने को तैयार राष्ट्रपति ट्रंप?, पाकिस्तान के पीएम शरीफ क्या बोले?

विश्व'हम नए लॉन्च प्लेटफॉर्म्स के साथ अपने हमले दोगुने कर देंगे': ट्रंप की धमकी के बाद ईरान का जवाब

भारत अधिक खबरें

भारतपंजाब में अमित शाह का प्रतिभा खोज अभियान?, आरिफ मोहम्मद खान ढाका जाएंगे!

भारतNagpur: पवनी सफारी में दिखा दुर्लभ ‘काला चीतल’, पर्यटकों में बढ़ा रोमांच

भारत‘अपने स्तर को नीचे न गिराएं’: मल्लिकार्जुन खड़गे के ‘गुजरात के लोग अनपढ़ हैं’ वाले बयान पर शशि थरूर की सलाह

भारत'इस बार पाकिस्तान के कितने टुकड़े होंगे ये तो सिर्फ ऊपरवाला जानता है', राजनाथ सिंह ने PAK के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ की धमकी का दिया करारा जवाब

भारत403 करोड़ रुपए खर्च?, योगी सरकार का सियासी दांव, बीआर अंबेडकर की मूर्ति पर लगेगा छत्र