लाइव न्यूज़ :

फैजाबाद जंक्शन अब अयोध्या कैंट : इतिहासकारों एवं स्थानीय लोगों की मिश्रित प्रतिक्रिया

By भाषा | Updated: November 7, 2021 16:54 IST

Open in App

फैजाबाद (उप्र), सात नवंबर नाम परिवर्तन से गुजर रहे फैजाबाद जंक्शन पर पुराने साइनबोर्ड रंग दिये गये हैं तथा स्टेशन के मुख्य भवन के शीर्ष पर लगे पहचान सूचक बोर्ड को हटाकर उसके स्थान पर नये नाम ‘अयोध्या कैंट’ का बोर्ड लटका दिया गया है।

फैजाबाद जिले का नाम अयोध्या करने के तीन साल बाद प्रशासन द्वारा हाल में 19वीं सदी के इस स्टेशन का भी नाम बदलने के कदम पर इतिहासकारों एवं स्थानीय लोगों की मिश्रित प्रतिक्रिया रही है। कई का मानना है कि इससे ‘इस ऐतिहासिक शहर की पहचान मिट’ जाएगी और ‘भ्रम पैदा’ होगा।

एक अन्य वर्ग ने उत्तर प्रदेश सरकार के इस फैसले का यह कहते हुए स्वागत किया कि सार्वजनिक स्थानों पर सर्वत्र अयोध्या नाम इस्तेमाल किया जाना चाहिए क्योंकि ‘यह भगवान राम की नगरी है।’

आम तौर पर इस ऐतिहासिक स्टेशन भवन के सामने अपना रिक्शा खड़ा करने वाले 55 वर्षीय साधुराम ने कहा, ‘‘ नाम बदलना जरूरी नहीं था। पहले से ही अयोध्या स्टेशन है। यात्री अब भ्रमित हो जाएंगे। ’’

बारह साल की उम्र में शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद से फैजाबाद आ गये राम ने कहा कि अब उनके दिमाग में दो बातें हैं कि यात्रियों को ले जाने के दौरान -- इसे ‘फैजाबाद’ कहा जाए या ‘अयोध्या कैंट’।

फैजाबाद जंक्शन पर 2008 से कूली के तौर पर काम कर रहा राजेश कुमार (30) भी नाम बदलने के बाद परेशान है। वह अपने बैज ‘लाइसेंस्ड पोर्टर एन.आर 77 फैजाबाद ’ की ओर इशारा करता और फिर स्टेशन की ड्योढी पर लगे अस्थायी बैनर की ओर इंगित करता है जहां ‘हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी और ऊर्दू में बड़े बड़े अक्षरों में ‘अयोध्या कैंट’ लिखा है।

उसने कहा, ‘‘ इससे बड़ा भ्रम पैदा होगा क्योंकि यहां से करीब 10 किलोमीटर दूर पर पहले से ही अयोध्या सिटी स्टेशन है। फैजाबाद या अयोध्या पहली बार आने वाले यात्री गलत स्टेशन पर उतर सकते हैं।’’

फैजाबाद सिटी अयोध्या जिले में अपने नामवाले शहर अयोध्या से करीब सात किलोमीटर दूर है तथा फैजाबाद एक मुख्य रेलवे स्टेशन है जो उत्तर रेलवे एवं लखनऊ-वाराणसी खंड में आता है। अयोध्या शहर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से करीब 120 किलोमीटर की दूरी पर है।

फैजाबाद स्टेशन का नाम बदलकर अयोध्या कैंट करने के प्रशासन के आदेश पर इस स्टेशन के भवन के शिखर पर लगा साइनबोर्ड हाल में हटाया गया। यह स्टेशन 1874 में अस्तित्व में आया था।

दिवाली के दिन पुराने साइनबोर्ड भी पोत दिये गये तथा ‘फैजाबाद जंक्शन’ (स्टेशन कोड एफ डी) को बदलकर ‘अयोध्या कैंट’ (स्टेशन कोड ए वाई सी) कर दिया गया।

तीर्थयात्रियों को रामजन्मभूमि, हनुमान गढ़ी और कनक भवन घूमाने ले जाने वाले अयोध्या शहर के टूरिस्ट गाइड अंकित पांडे (25) ने कहा , ‘‘ नाम बदलना जरूरी था। फैजाबाद नाम नहीं रह सकता है क्योंकि पूरा जिला अब अयोध्या है तथा अयोध्या ‘प्रभु राम की नगरी है’।’’

वैसे विपक्ष ने इसे राजनीतिक फायदे के लिए हिंदू जनभावनाओं के साथ खेलने की कोशिश करार दिया है लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह कहते हुए नाम परिवर्तन को सही ठहराया कि यह ‘इस स्थान की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को अक्षुण्ण रखने ’ की कोशिश का हिस्सा है।

इतिहासकार और ‘आप की ताकत’ पत्रिका के संपादक मंजूर मेहदी इस नाम परिवर्तन से मायूस हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह ‘गंदी राजनीति’ का परिणाम है तथा ‘फैजाबाद की पहचान को मिटाने की कोशिश’ है । उन्होंने कहा कि चौक और कई अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर कई दुकान एवं प्रतिष्ठान अब भी बोर्ड पर पुराना नाम ‘फैजाबाद’ बनाये रखा है या नये एवं पुराने शहर का बताने वाला ‘फैजाबाद अयोध्या’ बोर्ड लगाया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ फैजाबाद अवध के नवाब की पहली राजधानी थी, उसने वैभवशाली दौर, समृद्ध वास्तुकला एवं साहित्यिक धरोहर देखी है। मैं अयोध्या के पावनस्थल के रूप में गर्व करता हूं लेकिन मेरे फैजाबाद की अपनी पहचान है। मैं जबतक जीवित हूं तबतक मेरे कार्यालय के बोर्ड से फैजाबाद न मिटाया जाएगा और न ही बदला जाएगा।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारत403 करोड़ रुपए खर्च?, योगी सरकार का सियासी दांव, बीआर अंबेडकर की मूर्ति पर लगेगा छत्र

विश्वआज रात एक पूरी सभ्यता का अंत होगा?, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ट्रुथ पर पोस्ट किया, फिर कभी जीवित नहीं?

कारोबार8th Pay Commission: 8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग के तहत सैलरी में बढ़ोतरी तुरंत नहीं, अभी लगेगा समय

भारतमहाराष्ट्र सरकार ने ऑटो और टैक्सी चालकों के लिए मराठी भाषा टेस्ट अनिवार्य रूप से किया शुरू

स्वास्थ्यस्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की निःशुल्क जांच?, दिल्ली पुलिस मुख्यालय में 5वें CAPS शिविर का सफल आयोजन

भारत अधिक खबरें

भारतअसम का चुनाव अच्छा चल रहा, पवन खेड़ा के बड़बोलेपन की वजह से कांग्रेस की छवि को नुकसान?, उद्धव ठाकरे के प्रवक्ता आनंद दुबे बरसे, वीडियो

भारतहैदराबाद में हैं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, दिल्ली घर पर असम पुलिस ने की छापेमारी?, दिल्ली पुलिस की टीम कर रही मदद, वीडियो

भारतNBEMS GPAT 2026: आ गया जीपैट का रिजल्ट, डायरेक्ट लिंक से चेक करें अपना स्कोर

भारतMBOSE SSLC 10th Result 2026: कक्षा 10 का परिणाम घोषित?, परिणाम देखने के लिए इस लिंक पर जाइये

भारतKarnataka 2nd PUC Result 2026: रोल नंबर तैयार रखें, कभी भी आ सकता है रिजल्ट