लाइव न्यूज़ :

फडणवीस ने अमरावती हिंसा को साजिश बताया, हिंदू संगठनों के खिलाफ ‘एकतरफा’ पुलिस कार्रवाई का आरोप

By भाषा | Updated: November 21, 2021 19:50 IST

Open in App

अमरावती/मुंबई, 21 नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के अमरावती और कुछ अन्य शहरों में हाल में भड़की हिंसा राज्य में अशांति फैलाने की सुनियोजित कोशिश थी। उन्होंने कहा कि इसके बाद भाजपा और हिंदू संगठनों के खिलाफ शुरू हुई पुलिस की ‘‘एकतरफा’’ कार्रवाई तुरंत रुकनी चाहिए और ऐसा न किए जाने पर भाजपा ‘जेल भरो’ आंदोलन शुरू करेगी।

फडणवीस ने राज्य में इस्लामी संगठन रजा अकादमी पर प्रतिबंध लगाने के लिए महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार को भी चुनौती दी। त्रिपुरा में कथित सांप्रदायिक घटनाओं के विरोध में रजा अकादमी सहित कुछ संगठनों की रैलियों के बाद 12 और 13 नवंबर को अमरावती और राज्य के अन्य हिस्सों में हिंसा भड़क गई थी।

फडणवीस ने रविवार को अमरावती में मसानगंज और हनुमाननगर इलाकों का दौरा किया तथा एक अस्पताल में भर्ती, हिंसा में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र सरकार पर 12 नवंबर की हिंसा की घटनाओं की अनदेखी करने और इसके अगले दिन प्रतिक्रियास्वरूप हुई घटनाओं पर ध्यान केंद्रित करने का आरोप लगाया।

फडणवीस के आरोपों पर महाराष्ट्र की मंत्री यशोमती ठाकुर ने कहा कि भाजपा को घटनाक्रम का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए और फडणवीस जैसे जिम्मेदार नेता को ‘‘वोटबैंक की राजनीति’’ में लिप्त होकर माहौल को खराब नहीं करना चाहिए। ठाकुर ने यह भी कहा कि रजा अकादमी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है और इस मुद्दे पर राज्य मंत्रिमंडल में चर्चा की जाएगी।

त्रिपुरा में सांप्रदायिक हिंसा के खिलाफ 12 नवंबर को प्रदर्शन कर रहे कुछ मुस्लिम संगठनों की रैलियों के दौरान राज्य के अनेक शहरों में पथराव हुआ था। अमरावती, नांदेड़, मालेगांव, वाशिम और यवतमाल जिलों से ऐसी घटनाएं सामने आई थीं। अगले दिन भाजपा द्वारा आहूत बंद के दौरान अमरावती के राजकमल चौक पर भीड़ ने दुकानों पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस को इलाके में कर्फ्यू लगाना पड़ा।

पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा, ‘‘अमरावती और राज्य में अन्य जगहों पर 12 नवंबर को निकाला गया जुलूस झूठी सूचनाओं पर आधारित था। यह राज्य में अशांति पैदा करने की सुनियोजित कोशिश थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसकी जांच होनी चाहिए। जिन्होंने इसकी साजिश रची, उनकी पहचान होनी चाहिए और उनका मकसद पता चलना चाहिए। राज्य में शांति बाधित करने की साजिश रची गई।’’

फडणवीस ने कहा कि भाजपा, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ ‘‘एकतरफा’ कार्रवाई रुकनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं किया जाता और पुलिस हिंदू संगठनों एवं उनके कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करती रही, तो भाजपा ‘जेल भरो’ आंदोलन शुरू करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘12 नवंबर की हिंसा की पूरी तरह अनदेखी कर केवल 13 नवंबर पर ध्यान देना अत्यंत निंदनीय है। राज्य सरकार 12 नवंबर की हिंसा पर चुप क्यों है? इस चुप्पी के पीछे मकसद क्या है? क्या वह मतों का ध्रुवीकरण चाहती है? मैं इसकी निंदा करता हूं।’’

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘हम शांति स्थापित करने में तंत्र के साथ सहयोग करना चाहते हैं, लेकिन उसे हमारे साथ सहयोग करना चाहिए।’’

उन्होंने पूछा कि क्या 12 नवंबर के विरोध मार्च की अनुमति ली गई थी। फडणवीस ने राज्य की महिला और बाल विकास मंत्री यशोमती ठाकुर पर भी हिंसा को लेकर निशाना साधा जो अमरावती की प्रभारी मंत्री भी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यशोमती ठाकुर 12 नवंबर की हिंसा पर क्यों नहीं बोलतीं? उन्होंने उस घटना पर एक भी शब्द नहीं बोला।’’

बाद में, मुंबई में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि फडणवीस अमरावती और अन्य स्थानों पर हिंसा को लेकर निराधार आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने विपक्षी दल को सांप्रदायिक कलह पैदा करने के खिलाफ चेतावनी दी। ठाकुर ने कहा, ‘‘लोग भ्रामक प्रचार के शिकार नहीं होंगे...12 और 13 नवंबर को जो हुआ, वह अमरावती के इतिहास का एक काला अध्याय है। भाजपा को दुर्भाग्यपूर्ण घटनाक्रम का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतकश्मीर में ‘चिल्ला-ए-कलां’ शुरू?, घाटी में पड़ने वाली 40 दिनों की भीषण सर्दी क्या होती है?

विश्वVIDEO: बांग्लादेश के ढाका में उस्मान हादी के जनाज़े में भारी हुजूम, मुहम्मद यूनुस भी मौजूद

क्रिकेटक्या टी20 में हमेशा के लिए दरवाजे बंद?, शुभमन गिल, केएल राहुल, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज क्या करेंगे?

भारतईटानगर नगर निगमः भाजपा ने 20 में से 14 सीट पर दर्ज की शानदार जीत, पासीघाट नगर परिषद पर पीपीए ने का कब्जा, 8 में से 5 सीट, ईटानगर-पासीघाट में कांग्रेस 0

भारतVIDEO: पीएम मोदी ने गुवाहाटी में भारत के पहले नेचर-थीम वाले एयरपोर्ट टर्मिनल का किया उद्घाटन

भारत अधिक खबरें

भारतकर्नाटक नेतृत्व मुद्दा: दिल्ली कब बुलाया जाएगा?, डीके शिवकुमार ने कहा-मैं आपको सूचित करूंगा, बिना बताए कुछ नहीं करूंगा

भारतबिहार सीएम नीतीश कुमार की सास विद्यावती देवी के हुआ निधन, मुख्यमंत्री के पुत्र निशांत कुमार ने लिखा- प्यारी नानी मां के देहांत से मन व्यथित...

भारतSIR 2026 Voter List: एड्रेस बदलने की वजह से नहीं भर पा रहे SIR फॉर्म? इन डॉक्यूमेंट्स से बन जाएगा काम

भारतभाजपा के पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने कांग्रेस नेत्री पल्लवी राज सक्सेना से रचाई शादी, देवास के आर्य समाज मंदिर से वायरल हुई तस्वीरें

भारतमहाराष्ट्र चुनावः 23 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में मतदान, स्थानीय निकायों में खाली पड़े 143 सदस्य पदों पर पड़े रहे वोट, जानें लाइव