लाइव न्यूज़ :

जेल से स्थानांतरण के आदेश पर एल्गार परिषद के आरोपियों का ‘भ्रमित’ करने वाला रुख: अदालत

By भाषा | Updated: August 6, 2021 18:58 IST

Open in App

मुंबई, छह अगस्त बंबई उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को कहा कि एल्गार परिषद-माओवादी जुड़ाव मामले में गिरफ्तार कार्यकर्ताओं ने नवी मुंबई की तलोजा जेल में सुविधाओं की कमी के बारे में लगातार शिकायत की थी, लेकिन अब वे एक विशेष अदालत के आदेश का विरोध कर रहे हैं जिसमें उन्हें अन्य जेलों में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया गया है।

न्यायमूर्ति एसएस शिंदे और न्यायमूर्ति एनजे जामदार की पीठ ने कहा कि यह स्थिति ‘भ्रम’ पैदा करने वाली और ‘‘विरोधाभासी’ लगती है। पीठ ने गिरफ्तार कार्यकर्ताओं महेश राउत, आनंद तेलतुम्बडे, सुरेंद्र गाडलिंग और सुधीर धवले की याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की।

याचिकाकर्ताओं ने राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के मामलों की सुनवाई करने वाली विशेष अदालत के आदेश का विरोध करते हुए कहा कि तलोजा जेल अधिकारियों ने 10 आरोपियों (सभी पुरुष) को राज्य की अन्य जेलों में स्थानांतरित करने के अनुरोध को मंजूरी दे दी है।

राउत के वकील विजय हिरेमठ ने उच्च न्यायालय को बताया कि राउत को तलोजा जेल से मुंबई सेंट्रल जेल में स्थानांतरित किया जाना था। अधिवक्ता आर सत्यनारायणन ने अदालत को बताया कि वह तेलतुम्बडे, गाडलिंग और धवले का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जिन्होंने राउत की तरह ही राहत के लिए याचिकाएं दाखिल की हैं।

इस सप्ताह की शुरुआत में, राउत के साथ-साथ शिक्षाविद आनंद तेलतुम्बडे की पत्नी रमा तेलतुम्बडे और वकील सुरेंद्र गाडलिंग की पत्नी मीनल गाडलिंग तथा कार्यकर्ता सुधीर धवले के मित्र शरद गायकवाड़ ने स्थानांतरण आदेशों को चुनौती देते हुए याचिका दाखिल की थी, जिसमें कहा गया था कि विचाराधीन कैदी के रूप में अपने अधिकारों की मांग करने के कारण उन्हें दंडित किया जा रहा है।

इस साल की शुरुआत में तलोजा जेल अधिकारियों ने एल्गार परिषद मामले के सभी 10 पुरुष आरोपियों को राज्य की अन्य जेलों में इस आधार पर स्थानांतरित करने की अनुमति का अनुरोध किया था कि वे अपने वकीलों और परिजनों के माध्यम से जेल प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए ‘‘झूठी शिकायत’’ कर रहे थे। विशेष एनआईए न्यायाधीश डी.ई. कोठालीकर ने एक अप्रैल को स्थानांतरण अनुरोध की अनुमति दी, हालांकि आदेश अभी तक लागू नहीं हुआ है।

याचिकाकर्ताओं ने उच्च न्यायालय में अपनी दलीलों में कहा है कि विशेष अदालत के आदेश ने आरोपियों को ‘‘राज्य की किसी अन्य अनिर्दिष्ट जेल’’ में स्थानांतरित करने की अनुमति दी, जो कानून की उचित प्रक्रिया के विपरीत है।

पीठ ने शुक्रवार को कहा, ‘‘भीमा कोरेगांव के इस पूरे मामले (एल्गार परिषद-माओवादी जुड़ाव मामला) के दौरान आपलोगों (आरोपियों) द्वारा आरोप लगाया गया है कि तलोजा जेल में भीड़भाड़ है, जेल अधिकारी सुविधाएं नहीं दे रहे हैं, तरह-तरह के आरोप लगाए गए।’’

पीठ ने कहा, ‘‘यह बहुत भ्रमित करने वाला है। हर समय आप शिकायत करते रहे हैं, लेकिन अब आप वहीं रहना चाहते हैं। आप कहते रहे तलोजा जेल की हालत खराब है, भीड़भाड़ है। अब (आरोपियों को) वहां से स्थानांतरित करने के खिलाफ अनुरोध किया जा रहा है। यह विरोधाभासी प्रतीत होता है।’’

उच्च न्यायालय ने मामले को 11 अगस्त को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया है, लेकिन तब तक स्थानांतरण आदेश की तामील पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान उतारा

क्रिकेटबेंगलुरु में छक्कों की बौछार के बीच, टिम डेविड की विस्फोटक पारी से CSK के खिलाफ RCB ने बनाया 250/3 का विशाल स्कोर

विश्व5 दिन और न्यायिक हिरासत में रहेंगे पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक

क्राइम अलर्टपंजाब पुलिस ने सीमा पार से मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, 2 गिरफ्तार, 4.13 किलोग्राम हेरोइन बरामद

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारत अधिक खबरें

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल

भारतयूपी बोर्ड ने 2026-27 के लिए कक्षा 9 से 12 तक NCERT और अधिकृत पुस्तकें अनिवार्य कीं

भारतपाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमले की धमकी वाले बयान पर सोशल मीडिया पर 'धुरंधर' अंदाज़ में आई प्रतिक्रिया

भारतबिहार में CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुरू किया सत्याग्रह

भारतयूपी में स्थापना दिवस के जरिए लोगों के घर-घर पहुंचेगी भाजपा, लोगों को PM मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियां बताएँगे पार्टी पदाधिकारी