दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल पर हमले के आरोप में आठ गिरफ्तार
By भाषा | Updated: April 15, 2021 18:11 IST2021-04-15T18:11:15+5:302021-04-15T18:11:15+5:30

दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल पर हमले के आरोप में आठ गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 15 अप्रैल दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल पर यहां कथित तौर पर हमले के आरोप में दो महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान रेखा देवी (46), बीनीता (30), मोहन झा (55), विकास झा (24), पप्पू झा (32), मनीष झा (28), आकाश कुमार झा (20) और धनेंद्र प्रताप सिंह (20) के तौर पर की गई है।
पुलिस ने कहा कि बुधवार को ख्याला पुलिस थाने पहुंची एक महिला ने आरोप लगाया कि उसे पड़ोसियों द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है और उस पर हमला किया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शिकायत के बाद हेड कांस्टेबल रामचंदर, उप निरीक्षक छोटे लाल के साथ मौके पर पहुंचे। महिला ने पुलिसकर्मियों को बताया कि दंपत्ति- रेखा और मोहन झा- ने उस पर हमला किया है।
पुलिस ने कहा कि महिला और आरोपी दंपत्ति के बीच गैस सिलेंडर भरवाने को लेकर पिछली रात से झगड़ा चल रहा था।
पुलिस ने कहा कि दंपत्ति ने जब महिला को पुलिस के साथ देखा तो वे नाराज हो गए तथा फोन कर और लोगों को मौके पर बुला लिया। उन्होंने महिला के साथ ही हेड कांस्टेबल को भी धमकी दी।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) उर्विजा गोयल ने कहा, “दंपत्ति समेत आठ से नौ लोगों ने महिला और हेड कांस्टेबल को धमकी दी। लाल बाहर सड़क पर अपनी मोटरसाइकिल पर थे तभी भीड़ ने अचानक हेड कांस्टेबल पर हमला कर दिया जो अपनी ड्यूटी कर रहा था।”
पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो भी प्रसारित किया गया। वीडियो में दो महिलाओं समेत लोगों के समूह को पुलिसकर्मी पर हमला करते हुए देखा जा सकता है।
डीसीपी ने कहा कि रामचंदर की शिकायत पर ख्याला पुलिस थाने में एक मामला दर्ज कर आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।