डीयू के स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए कट-ऑफ कार्यक्रम अगले सप्ताह जारी होने की संभावना: अधिकारी

By भाषा | Updated: September 18, 2021 15:16 IST2021-09-18T15:16:24+5:302021-09-18T15:16:24+5:30

DU's cut-off schedule for undergraduate courses likely to be released next week: Officials | डीयू के स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए कट-ऑफ कार्यक्रम अगले सप्ताह जारी होने की संभावना: अधिकारी

डीयू के स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए कट-ऑफ कार्यक्रम अगले सप्ताह जारी होने की संभावना: अधिकारी

नयी दिल्ली, 18 सितंबर दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के अधिकारी कट-ऑफ कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए कॉलेज प्राचार्यों के साथ कई बैठकें करने वाले हैं और कट-ऑफ के अगले सप्ताह तक जारी होने की संभावना है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय सुधार या कंपार्टमेंट परीक्षा में बैठने वाले छात्रों को समायोजित करने के लिए एक अक्टूबर को अपनी पहली कट-ऑफ सूची जारी करने की योजना बना रहा है। विश्वविद्यालय की दाखिला समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर राजीव गुप्ता ने बताया, ‘‘हम बहुत जल्द कट-ऑफ कार्यक्रम को अंतिम रूप देंगे। एक अक्टूबर पहली कट-ऑफ की संभावित तारीख है। हम उस दिन कट-ऑफ जारी करने की योजना बना रहे हैं। हम कार्यक्रम को अंतिम रूप देने के लिए कॉलेज के प्राचार्यों और नोडल अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।’’

गुप्ता ने कहा कि उनकी योजना अगले सप्ताह तक कम से कम पांच कट-ऑफ के लिए कट-ऑफ कार्यक्रम जारी करने की है। एक कॉलेज के प्राचार्य ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि उन्होंने कट-ऑफ ट्रेंड का विश्लेषण करने के लिए अपने स्तर पर बैठकों की शुरुआत कर दी है।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की बोर्ड परीक्षाओं में इस साल 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों की संख्या ज्यादा रहने के मद्देनजर ज्यादातर प्राचार्यों का कहना है कि कट-ऑफ इस बार अधिक होने की संभावना है। दिल्ली विश्वविद्यालय के स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए 2.87 लाख से अधिक छात्रों ने आवेदन किया है, जो पिछले साल के 3.53 लाख आवेदनों से कम है। आवेदन करने वालों में 2.29 लाख से अधिक छात्र सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों से हैं, इसके बाद हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (9,918), काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेशन एग्जामिनेशन (9,659) और माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश (8,007) के छात्र हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: DU's cut-off schedule for undergraduate courses likely to be released next week: Officials

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे