बुलंदशहर चार जून उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा शहर में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के दौरान एक 52 वर्ष की महिला पर कथित तौर पर गोली चलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी व्यक्ति की पहचान सबीर के रूप में की है। सबीर ने रहीसन नामक महिला पर काफी नजदीक से गोली चलाई।
बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि महिला अपने रिश्तेदार जावेद के साथ रहती है और दोनों मिट्टी के बर्तन बनाने का काम करते हैं।
उनका पड़ोसी नजीम भी उनके साथ ही काम करता है। नजीम का आरोप है कि जावेद और रहीसन के उकसाने पर उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गयी। इसके कारण दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया और नजीम की ओर से सबीर झगड़े में शामिल हो गया और उसने महिला पर गोली चला दी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।