महाराष्ट्र में दो परिसरों पर छापेमारी में मादक पदार्थ जब्त, 22 लोग पकड़े गए
By भाषा | Updated: June 27, 2021 18:14 IST2021-06-27T18:14:50+5:302021-06-27T18:14:50+5:30

महाराष्ट्र में दो परिसरों पर छापेमारी में मादक पदार्थ जब्त, 22 लोग पकड़े गए
मुंबई, 27 जून महाराष्ट्र के नासिक जिले के इगतपुरी कस्बे में दो परिसरों पर रविवार तड़के छापेमारी में मादक पदार्थ और हुक्के जब्त किए गए तथा मनोरंजन जगत से ताल्लकु रखने वालों समेत 22 लोगों को पकड़ा गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से 12 महिलाएं हैं, जिनमें से एक महिला ‘बिग बॉस’ शो में प्रतिभागी रह चुकी है, जबकि चार का ताल्लुक़ दक्षिण भारत फिल्म उद्योग से है।
पुलिस अधीक्षक (नासिक ग्रामीण) सचिन पाटिल ने पीटीआई-भाषा को बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर इगतपुरी में दो परिसरों पर छापेमारी की गई।
उन्होंने बताया, ‘‘ रेव पार्टी दो पड़ोसी परिसरों स्काई ताज और स्काई लगून में चल रही थी। छापेमारी के दौरान हमने 12 महिलाओं और 10 पुरुषों को पकड़ा। ये मादक पदार्थ लेते और हुक्का पीते पाए गए। इनमें से एक महिला ‘बिग बॉस’ शो की प्रतिभागी रह चुकी है।’’
बाद में आरोपियों को जांच के लिए भेजा गया। अधिकारी ने कहा कि इस पार्टी के आयोजन में मदद करने वालों की भी पुलिस तलाश कर रही है। पकड़े गए लोगों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थ के अलावा एक कैमरा, एक ट्रायपॉड और कुछ अन्य सामग्री संबंधित स्थल से जब्त की गई हैं।
पाटिल ने कहा, ‘‘छापेमारी के बाद एक विशेष टीम गठित की गई जिसे मुंबई भेजा गया है क्योंकि इस मामले के संबंध में वहां नाइजीरिया के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।