साथी मंत्री से बहस पर डोटासरा की सफाई, किसी ने किसीके अधिकारों को चुनौती नहीं दी

By भाषा | Updated: June 4, 2021 22:04 IST2021-06-04T22:04:03+5:302021-06-04T22:04:03+5:30

Dotasara's clarification on debate with fellow minister, no one challenged anyone's rights | साथी मंत्री से बहस पर डोटासरा की सफाई, किसी ने किसीके अधिकारों को चुनौती नहीं दी

साथी मंत्री से बहस पर डोटासरा की सफाई, किसी ने किसीके अधिकारों को चुनौती नहीं दी

जयपुर, चार जून राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने शुक्रवार को कहा कि किसी ने भी किसी के अधिकारों को चुनौती नहीं दी है।

राजस्थान के शहरी एवं विकास मंत्री शांति धारीवाल के साथ बुधवार को मंत्रिमंडल की बैठक में हुई तीखी नोकझोंक के दो दिन बाद डोटासरा ने कहा, “किसी ने भी किसी के अधिकारों को चुनौती नहीं दी है।”

डोटासरा ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी में सभी एक दूसरे का सम्मान करते हैं। राजस्थान एक ऐसा उदाहरण है जहां सरकार और पार्टी संगठन मिलकर भाजपा और केन्द्र सरकार को बेनकाब कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक में किसी ने किसी के अधिकारो को चुनौती नहीं दी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘अधिकारों को चुनौती देने का उदाहरण यदि आपको देखना है तो वह भाजपा में है जहां दो बार की मुख्यमंत्री को किनारे कर दिया गया।’’

उल्लेखनीय है बुधवार को मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और मंत्री शांति धारीवाल के बीच केन्द्र से सभी को नि:शुल्क टीकाकरण की मांग को लेकर होने वाले प्रदर्शन के मुद्दे पर तीखी नोकझोंक हो गई थी।

डोटासरा का कहना था कि जिलों के प्रभारी मंत्रियों को सभी को नि:शुल्क टीकाकरण की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम का ज्ञापन जिला कलेक्टर को देना चाहिए।

वहीं धारीवाल ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि जिला कलेक्टर की जगह पार्टी को भारत सरकार की शिकायत के लिये राष्ट्रपति से सम्पर्क कर उनसे शिकायत करनी चाहिए।

बैठक में नोकझोंक इतनी बढ़ गई थी कि डोटासरा ने बैठक छोड़ने तक की धमकी दे दी थी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Dotasara's clarification on debate with fellow minister, no one challenged anyone's rights

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे