अमेरिकी संसद के बाहर हिंसक रैली में तिरंगा फहराने वाले शख्स ने पहली बार दिया बयान, जानें वह कौन है और उसने क्या कहा

By अनुराग आनंद | Updated: January 8, 2021 14:11 IST2021-01-08T14:06:04+5:302021-01-08T14:11:42+5:30

डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन में कैपिटल हिल के सामने हिंसक प्रदर्शनकारियों के बीच तिरंगा झंडा फहराए जाने की खूब आलोचना हो रही है। जानें वहां तिरंगा फहराने वाले शख्स ने क्या कहा है...

Donald Trump rallies always lot of fun Indian American who waved tricolour at US | अमेरिकी संसद के बाहर हिंसक रैली में तिरंगा फहराने वाले शख्स ने पहली बार दिया बयान, जानें वह कौन है और उसने क्या कहा

अमेरिका में तिरंगा लिए खड़ा ट्रंप समर्थक भारतीय (फाइल फोटो)

Highlightsअमेरिका में तिरंगा झंडा को फहराते हुए कैमरे में कैद हुआ यह शख्स भारतीय मूल का है।पलथिंगल ऊर्फ विंसेंट जेवियर नाम का यह भारतीय शख्स प्रदर्शन के दौरान कैपिटल ह‍िल के बाहर मौजूद हजारों लोगों की भीड़ में शामिल था।

नई दिल्ली:डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों ने बुधवार को कैपिटल हिल के बाहर प्रदर्शन के दौरान न सिर्फ हिंसा की बल्कि कई दफ्तरों में घुसकर तोड़फोड़ कर खूब उपद्रव मचाया। इस घटना की आलोचना दुनिया के हर देश के लोगों ने की है। 

जब कैपिटल हिल के बाहर और अंदर हजारों लोग प्रदर्शन कर रहे थे, तो इस दौरान ट्रंप समर्थकों के बीच एक तिरंगा फहराते हुए शख्स भी नजर आया था। देश के कई नेताओं ने ट्रंप समर्थकों के साथ तिरंगा लेकर खड़े इस शख्स की आलोचना की थी। 

मनोरमा न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में अब ताजा अपडेट यह है कि इस शख्स की पहचान हो गई है। दरअसल, तिरंगा झंडा को फहराते हुए कैमरे में कैद हुआ यह शख्स भारतीय मूल का है।

कोच्चि के रहने वाले शख्स ने अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन में तिरंगा फहराने पर ये कहा-

इस शख्स का नाम विन्‍सन पलथिंगल ऊर्फ विंसेंट जेवियर है। विन्‍सन प्रदर्शन के दौरान कैपिटल ह‍िल के बाहर मौजूद हजारों लोगों की भीड़ में शामिल था और डोनाल्‍ड ट्रंप के समर्थन में नारेबाजी कर रहा था। इसी दौरान उसके हाथ में तिरंगा झंडा भी देखा गया था। 

 

मिल रही जानकारी के अनुसार, कोच्चि के चंबाक्‍करा नाम की जगह पर विन्‍सन पलथिंगल का घर है। कहा जा रहा है कि विन्‍सन उन भारतीय मूल के लोगों में शामिल है जिसे ट्रंप प्रशासन ने राष्‍ट्रपति के निर्यात परिषद में शामिल करने के लिए सिफारिश की गई थी। 

विन्‍सन ने फेसबुक पर कहा कि ट्रंप की रैलियों में हमेशा खूब मजा आता है। हालांकि, उसने अब इसे डिलीट कर दिया है। विन्‍सन ने मीडिया से कहा है कि वह चुनाव में धांधली के खिलाफ प्रदर्शन के लिए गया था, हिंसा से उसका कोई लेना-देना नहीं है।

वरुण गांधी और शशि थरूर सोशल मीडिया पर आपस में भीड़े-

बता दें कि बुधवार को कैपिटल हिल के पास हुए हिंसक प्रदर्शन में 5 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद दुनिया भर में इस हिंसक प्रदर्शन की आलोचना हो रही है। बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने गुरुवार को एक वीडियो ट्वीट किया, जिसमें कैपिटल हिल के बाहर प्रदर्शन के दौरान भारतीय तिरंगा लहरा रहा था। वरुण गांधी ने कहा था कि वहां पर भारतीय झंडा क्यों है? ये एक ऐसी लड़ाई है जिसका भारत कभी भी हिस्सा नहीं बनना चाहता है।

वरुण गांधी के इसी ट्वीट पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने जवाब दिया, उन्होंने लिखा कि कुछ भारतीय भी डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों की मानसिकता वाले हैं, जो तिरंगे को सम्मान की बजाय एक हथियार की तरह इस्तेमाल करते हैं और जो उनसे मेल नहीं खाता है, उसे एंटी-नेशनल करार देते हैं। वहां पर दिख रहा वो झंडा हम सभी के लिए चेतावनी है।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के इस ट्वीट पर वरुण गांधी ने भी जवाब दिया। वरुण ने लिखा कि अपनी शान दिखाने के लिए तिरंगा लहराने वाले लोगों का मजाक उड़ाना आजकल आसान हो गया है। साथ ही गलत मकसद के लिए भी तिरंगा लहराना आसान हो गया है।

Web Title: Donald Trump rallies always lot of fun Indian American who waved tricolour at US

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे