लाइव न्यूज़ :

दिग्विजय ने कहा-अनुच्छेद 370 पर कांग्रेस पुनर्विचार करेगी, भाजपा ने निशाना साधा

By भाषा | Updated: June 12, 2021 20:52 IST

Open in App

नयी दिल्ली/भोपाल, 12 जून कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की सोशल मीडिया पर एक ऑडियो चैट में इस कथित टिप्पणी को लेकर शनिवार को एक विवाद खड़ा हो गया कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना और राज्य का दर्जा खत्म करना ‘बहुत दुखद’ है तथा उनकी पार्टी सत्ता में आने इस पर ‘‘पुनर्विचार’’ करेगी। उनकी इस टिप्पणी को लेकर भाजपा ने निशाना साधा और उन पर भारत के खिलाफ जहर उगलने और ‘‘पाकिस्तान की भाषा’’ बोलने का आरोप लगाया।

भाजपा का दावा है कि सिंह ने पाकिस्तानी मूल के पत्रकार के साथ संवाद के दौरान यह टिप्पणी की।

सोशल मीडिया पर उपलब्ध बातचीत के एक हिस्से के मुताबिक, दिग्विजय सिंह ने क्लबहाउस संवाद में कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना और राज्य का दर्जा खत्म करना बहुत दुखद है। कांग्रेस पार्टी इस विषय पर निश्चित तौर पर पुनर्विचार करेगी।’’

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को बयान देना चाहिए।

अनुच्छेद 370 पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के कथित बयान पर प्रतिक्रिया करते हुए जम्मू कश्मीर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा कि उनकी पार्टी, भारत के विरुद्ध कांग्रेस नेताओं की “साजिश” को कामयाब नहीं होने देगी भले ही इसके लिए उन्हें “सौ जन्म” लेना पड़े।

मध्य प्रदेश भाजपा ने शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की कथित टिप्पणी के लिए जमकर आलोचना की। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने दिग्विजय सिंह की फोन काल की एनआईए से जांच कराने की मांग की तो मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोनिया गांधी के नेतृत्व वाली पार्टी पर ‘‘पाकिस्तान की भाषा’’ बोलने का आरोप लगाया।

शनिवार को भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने अपने ट्विटर खाते पर दिग्विजय सिंह की कथित ‘चैट’ (बातचीत) की क्लिप साझा की। इसमें दावा किया गया कि क्लब हाउस चैट में सिंह कश्मीर में अनुच्छेद 370 पर पुनर्विचार करने की बात कर रहे हैं।

इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने कश्मीर में धारा 370 लगाकर पाप किया है। चौहान ने कहा, ‘‘ कश्मीर भारत का मुकुटमणि है, भारत का अभिन्न अंग है। यह कांग्रेस थी जिसने कश्मीर में अनुच्छेद 370 लगाने का पाप किया। कांग्रेस अब फिर पाकिस्तान की भाषा बोल रही है।’’

मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस चैट में एक पाकिस्तानी पत्रकार के शामिल होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को दिग्विजय सिंह के फोन कॉल की जांच करनी चाहिए। शर्मा ने कहा कि वह जल्द ही इस बारे में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखेंगे।

सिंह की इस कथित टिप्प्णी के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, ‘‘ छह अगस्त, 2019 को कांग्रेस कार्य समिति ने जम्मू-कश्मीर को लेकर प्रस्ताव पारित किया था। कांग्रेस का रुख उसी प्रस्ताव में है। तमाम वरिष्ठ नेताओं से अपील है कि वे उस प्रस्ताव को देखें।’’

भाजपा प्रवक्ता पात्रा ने सिंह की इस कथित टिप्पणी को लेकर संवाददाताओं से कहा, ‘‘क्लब हाउस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह किस प्रकार से बाहर भारत के खिलाफ जहर उगल रहे हैं और किस प्रकार पाकिस्तान की हां में हां मिला रहे हैं वो हम सभी ने देखा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ये वही दिग्विजय सिंह हैं, जिन्होंने पुलवामा हमले को एक दुर्घटना मात्र बता दिया था, इन्होंने ही 26/11 के हमले को आरएसएस की साजिश बताया था और उस समय पाकिस्तान को क्लीन चिट देने का भी प्रयास किया था।’’

पात्रा ने राहुल गांधी और मणिशंकर अय्यर की पुरानी टिप्पणियों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि पाकिस्तान के साथ हाथ मिलाना कांग्रेस की पुरानी आदत है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह सब उसी टूलकिट का हिस्सा है जिसे भाजपा ने बेनकाब किया है।’’ भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘मैं निवेदन करता हूं कि कांग्रेस पार्टी अपने नाम को बदले। वो आईएनसी को बदलकर एएनसी (एंटी नेशनल क्लब हाउस) कर दे। ये एक ऐसा क्लब हाउस है, जिसमें सारे लोग मोदी जी से घृणा करते-करते आज हिंदुस्तान से घृणा कर बैठे हैं।’’

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस का पहला प्यार पाकिस्तान है। दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी का संदेश पाकिस्तान को दिया है। कांग्रेस कश्मीर को हथियाने में पाकिस्तान की मदद करेगी।’’

मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता ने कहा कि यह एक राष्ट्रीय मुद्दा है और पार्टी ने अभी तक इस विषय पर बोलने के लिए कोई दिशा निर्देश जारी नहीं किया है। उन्होंने कहा, ‘‘इस मुद्दे पर हम सिंह के कथित बयान पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दे सकते।’’

इस बीच, मध्य प्रदेश की राघोगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक और प्रदेश के पूर्व मंत्री, दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्धन सिंह ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘ अगला चुनाव 370 पर नहीं बल्कि बढ़ती हुई मंहगाई, बेरोजगारी एवं कोरोना के कारण देश में जो तबाही हुई है, इन मुद्दों पर लड़ा जाएगा।’’

इस बीच विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने भी कांग्रेस नेता के कथित बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। जम्मू कश्मीर विहिप के अध्यक्ष लीलाकरण शर्मा ने एक बयान में कहा, ‘‘आतंकवादियों का यह पाकिस्तान समर्थक एजेंडा कभी पूरा नहीं हो सकता क्योंकि कांग्रेस या दिग्विजय की विचारधारा वाले लोग भारत में कभी भी राजनीतिक सत्ता हासिल नहीं करने जा रहे हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतDelhi Assembly Security Breach: कार में सवार व्यक्ति ने कॉम्प्लेक्स का गेट तोड़कर पोर्च में रखा गुलदस्ता, वीडियो

बॉलीवुड चुस्कीएक शब्द ने मचा दिया बवाल! राकेश बेदी को क्यों मांगनी पड़ी माफी?

भारतबिहार में शराबबंदी कानून को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने उठाया सवाल, कहा- बिहार में 40 हजार करोड़ रुपये की एक समानांतर अवैध अर्थव्यवस्था खड़ी हो गई है

भारतमुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सामने जदयू नेताओं ने लगाया निशांत कुमार जिंदाबाद, CM भी मुस्कुराए

स्वास्थ्यपुष्पा… नाम सुनकर फ्लावर समझे क्या? फायर है मैं…”

भारत अधिक खबरें

भारतबिहार में मुख्यमंत्री चुनना भाजपा के लिए बनी बड़ी सिरदर्दी, सम्राट चौधरी के नाम पर दल में टूट की संभावना, संघ बैकग्राउंड के नेता की हो रही है मांग

भारतएनएसजी कमांडोज के करतब देख रोमांचित हुए सीएम डॉ. मोहन, कहा- जवानों ने योग्यता-बुद्धिमत्ता-निडरता का अहसास कराया

भारतरामअवतार जग्गी हत्याः अमित जोगी को आजीवन कारावास की सजा

भारतबीजेपी 47वां स्थापना दिवस समारोहः करोड़ों कार्यकर्ता को बधाई, हम पार्टी को अपनी मां मानते हैं?, पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा-भावुक पोस्ट, वीडियो

भारतBaramati Bypoll 2026: कौन हैं आकाश मोरे? बारामती उपचुनाव में महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से टक्कर?