दिल्ली में गर्मी ने तोड़ा 90 सालों का रिकॉर्ड, 45 डिग्री के पार पहुंचा पारा, न्यूनतम तापमान के कारण भी परेशानी बढ़ी
By अभिषेक पारीक | Updated: July 2, 2021 09:15 IST2021-07-02T09:09:29+5:302021-07-02T09:15:52+5:30
दिल्ली में भीषण गर्मी का पिछले 90 सालों का रिकॉर्ड टूट गया है। पिछले तीन दिनों से भीषण गर्मी और लू का कहर झेल रही दिल्ली के मंगेशपुर में 45.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
दिल्ली में भीषण गर्मी का पिछले 90 सालों का रिकॉर्ड टूट गया है। पिछले तीन दिनों से भीषण गर्मी और लू का कहर झेल रही दिल्ली के मंगेशपुर में 45.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। दिन के साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। मानसून के सीजन के दौरान भीषण गर्मी से लोग बेहद परेशान हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली में लू चलने की घोषणा की है।
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में एक जुलाई 1931 को तापमान 45 डिग्री तक पहुंचा था। वहीं जुलाई में दो बार 5 जुलाई 1987 और 2 जुलाई 2012 को दिल्ली का तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया था। मंगेशपुर के अलावा नजफगढ़ में 44 डिग्री, पीतमपुर में 44.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी बढोतरी दर्ज की गई है और यह 31.7 डिग्री पहुंच गया है, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक है।
मिल सकती है थोड़ी राहत
स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शुक्रवार को आंशिक बादल छाए रहने से गर्मी से मामूली राहत मिल सकती है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी भी चल सकती है। वहीं अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, चार जुलाई से सात जुलाई तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार ही रहेगा।
बारिश को लेकर यह है अनुमान
दिल्ली में बारिश को लेकर मौसम विभाग के पिछले कुछ अनुमान सटीक नहीं रहे हैं। हालांकि अब स्काईमेट का अनुमान है कि सात जुलाई के बाद मानसून आगे बढ़ेगा और जून की कमी जुलाई में पूरी हो जाएगी। सामान्यतः दिल्ली में जुलाई के महीने में 210.6 मिलीलीटर बारिश होती है। वहीं सर्वाधिक बारिश अगस्त में 247.7 मिलीलीटर होती है।
इसलिए परेशान कर रहा पारा
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, जब न्यूनतम तापमान 30 डिग्री से अधिक हो जाता है तो परेशानी बढ़ जाती है। इसके चलते रात में भी मौसम गर्म रहता और परेशानी पैदा करता है। फिलहाल दिल्ली का न्यूनतम तापमान 31 डिग्री के पार चल रहा है। ऐसे में रात में भी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।