Delhi Results: विधायक दल का नेता चुनने के लिए आज केजरीवाल के आवास पर AAP विधायकों की बैठक
By भाषा | Updated: February 12, 2020 06:37 IST2020-02-12T06:37:44+5:302020-02-12T06:37:44+5:30
एक अन्य ‘‘आप’’ नेता ने बताया कि पार्टी मुख्यमंत्री पद के शपथग्रहण समारोह के लिए दो तारीखों- 14 फरवरी और 16 फरवरी पर विचार कर रही है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल। (फाइल फोटो)
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को यहां अपने आवास पर पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाई है। आप के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने यह जानकारी दी।
राय ने मंगलवार ‘‘ पीटीआई-भाषा’’ को बताया कि बैठक पूर्वाह्न 11 बजकर 30 मिनट पर शुरू होनी तय है और विधायक ‘‘आप’’ के विधायक दल का नेता चुनेंगे।
एक अन्य ‘‘आप’’ नेता ने बताया कि पार्टी मुख्यमंत्री पद के शपथग्रहण समारोह के लिए दो तारीखों- 14 फरवरी और 16 फरवरी पर विचार कर रही है।
उन्होंने बताया कि शपथग्रहण समारोह स्थल के लिए रामलीला मैदान पर विचार किया जा रहा है और भव्य कार्यक्रम की योजना है।
हालांकि, आप नेता ने स्पष्ट किया कि शपथग्रहण समारोह स्थल के लिए अंतिम फैसला अभी किया जाना बाकी है।
उन्होंने बताया कि पार्टी विधायक दल का नेता चुनने के बाद उपराज्यपाल अनिल बैजल को इसकी जानकारी दी जाएगी जिसके बाद एक अधिसूचना जारी होगी।
गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के मंगलवार को आए नतीजों में ‘‘आप’’ ने 70 विधानसभा सीटों में से 62 सीटों पर जीत दर्ज की।