दिल्ली पुलिस ने शाहजहांपुर के किसानों को दी नोटिस
By भाषा | Updated: February 6, 2021 20:35 IST2021-02-06T20:35:31+5:302021-02-06T20:35:31+5:30

दिल्ली पुलिस ने शाहजहांपुर के किसानों को दी नोटिस
शाहजहांपुर (उप्र), छह फरवरी दिल्ली के लाल किले में हुए उपद्रव के कथित आरोपियों को तलाशने आयी दिल्ली पुलिस ने शाहजहांपुर के एक किसान के घर पर नोटिस चस्पा किया जबकि पीलीभीत के गुरुद्वारे के मुख्य ग्रंथी को भी नोटिस तामिल कराया है।
सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर किसान आंदोलन के दौरान लाल किले पर उपद्रव के बाद उपद्रवियों की तलाश में जुटी दिल्ली पुलिस शनिवार शाम को खुटार के चमराभोजी गांव में किसान अर्शप्रीती के घर पहुंची और वह जब घर पर नहीं मिले तो उनके दरवाजे पर नोटिस चस्पा करके चली गई।
सूत्रों के अनुसार दिल्ली पुलिस ने खुटार क्षेत्र से गए किसानों की पहचान उनके ट्रैक्टर नंबर तथा वीडियो फुटेज से की है। सूत्रों ने बताया कि आज खुटार क्षेत्र के कई और गांव में भी लोगों को दिल्ली पुलिस ने नोटिस तामील कराए हैं।
शाहजहांपुर की सीमा से लगे पीलीभीत जिले के पूरनपुर क्षेत्र में भी दिल्ली पुलिस ने एक गुरुद्वारे के ग्रंथी को नोटिस दिया है।
पूरनपुर थाने के प्रभारी सुरेश कुमार सिंह ने फोन पर 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि थाना अंतर्गत घुंघचाई चौकी क्षेत्र के एक गुरुद्वारे के ग्रंथी गुरतेज सिंह को नोटिस तामिल कराया है तथा दिल्ली आकर अपना बयान दर्ज कराने को कहा है।
सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने यहां गुरुद्वारे से एक ट्रैक्टर जाने की बात कही है तथा इसके बाद दिल्ली पुलिस शाहजहांपुर के किसानों को नोटिस तामील कराने गई है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।