''दिल्ली पुलिस, दिल की पुलिस.. जो दिल से करे, देश का काम'', अभियान शुरू; जानें इसके बारे में सबकुछ
By गुणातीत ओझा | Updated: April 23, 2020 09:01 IST2020-04-23T08:30:00+5:302020-04-23T09:01:37+5:30
कोरोना वायरस महामारी के चलते पूरे देश में लॉकडाउन लागू है। लॉकडाउन में वैसे तो सरकार और एनजीओ बढ़-चढ़कर लोगों की मदद कर रहे हैं, लेकिन दिल्ली पुलिस भी अपनी जान की परवाह किए बिना जरूरतमंदों की मदद के लिए सामने आई है। दिल्ली पुलिस ने लोगों की मदद के लिए एक अभियान भी शुरू किया है, जिसका नाम दिया है-‘दिल्ली पुलिस, दिल की पुलिस। जो दिल से करे, देश का काम’।

दिल्ली पुलिस ने शुरू किया, 'दिल्ली पुलिस दिल की पुलिस' अभियान
नई दिल्ली। कोरोना वायरस महामारी पर लगाम लगाने के लिए पूरे देश में लॉकडाउन जारी है। लॉकडाउन में जरूरतमंदों और गरीबों की मदद के लिए सरकार और एनजीओ बढ़-चढ़कर सामने आ रहे हैं। इस क्रम में दिल्ली पुलिस भी अपनी जान जोखिम में डालकर जरूरतमंदों की सहायता में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। लॉकडाउन में मरीज को अस्पताल ले जाना, गर्भवती महिला की मदद करना, गरीबों और जरूरतमंदों तक खाना पहुंचाना.. दिल्ली पुलिस के ऐसे तमाम किस्से सामने आ चुके हैं। लोगों के प्रति मदद का रवैया दिल्ली पुलिस का मानवीय चेहरा लोगों के सामने लाया है।
इस कड़ी में दिल्ली पुलिस ने लोगों की मदद के लिए एक अभियान भी शुरू किया है, जिसे नाम दिया गया है-‘दिल्ली पुलिस, दिल की पुलिस। जो दिल से करे, देश का काम’। दिल्ली पुलिस के इस अभियान से जुड़ी कई तस्वीरें सोशल मीडिय पर वायरल हो रही हैं। अभियान को दिल्ली पुलिस ने भी प्रमोट किया है। अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से दिल्ली पुलिस ने इस अभियान से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं। वीडियो में महिला सिपाही खाना बनाते दिख रही हैं, वहीं इस वीडियो में पुलिसकर्मियों को जरूरतमंदों में खाना बांटते भी देखा जा सकता है। दिल्ली में जगह-जगह लगे बैरिकेड्स पर भी 'दिल्ली पुलिस दिल की पुलिस' अभीयान के पोस्टर देखने को मिल रहे हैं।
Delhi: Police have put posters that read 'Delhi Police, Dil ki Police' on the barricades at various locations in the state. #CoronavirusLockdownpic.twitter.com/yL8MCn4ZVu
— ANI (@ANI) April 23, 2020
दिल्ली पुलिस ने महिला और उसके नवजात शिशु को पहुंचाया अस्पताल
दिल्ली पुलिस समय से पहले बच्चे को जन्म देने वाली 22 साल की एक श्रमिक को अस्पताल ले गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को एक बजे उसे सूचना मिली की कि एनटीपीसी की एक महिला श्रमिक ने समय से पहले बच्चे को जन्म दिया है और उसने अस्पताल पहुंचाने के लिए मदद मांगी है। एक अधिकारी ने बताया कि इस महिला और उसके नवजात शिशु को अपोलो अस्पताल पहुंचा दिया गया। यह महिला झारखंड की है।
#DilKiPolice#दिल_की_पुलिसpic.twitter.com/WQLlYVJ502
— #DilKiPolice Delhi Police (@DelhiPolice) April 22, 2020
मणिपुरी छात्रों को दिल्ली पुलिस ने मुहैया कराया राशन
राष्ट्रीय राजधानी में रह रहे तीन मणिपुरी छात्रों की मदद के लिए आगे आते हुए दिल्ली पुलिस उन्हें मुफ्त राशन मुहैया करा रही है। इन छात्रों के पास आवश्यक वस्तुएं और रुपये नहीं बचे थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि ये छात्र दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक कर रहे हैं और चिराग दिल्ली में किराए के कमरों में रहते हैं। उन्होंने बताया कि मणिपुर पुलिस की तरफ से दिल्ली पुलिस को इन छात्रों की मदद के लिए आपात संदेश मिला जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने इन छात्रों से संपर्क किया। अधिकारी ने कहा, “छात्रों ने हमें बताया कि उनके पास आवश्यक वस्तुएं खत्म हो गई हैं और उनके पास राशन खरीदने के लिये पैसे भी नहीं बचे हैं। मालवीय नगर की पुलिस टीम उनके पास पहुंची और उन्हें आवश्यक राशन दिया।” छात्रों को 15 किलो चावल, आटा, दाल, तेल और अन्य आवश्यक चीजें देकर कहा गया कि कोई भी समस्या होने पर पुलिस से संपर्क करें।