दिल्ली मेट्रो को मिला जापान सोसाइटी ऑफ सिविल इंजीनियर्स पुरस्कार
By भाषा | Updated: June 27, 2021 19:23 IST2021-06-27T19:23:13+5:302021-06-27T19:23:13+5:30

दिल्ली मेट्रो को मिला जापान सोसाइटी ऑफ सिविल इंजीनियर्स पुरस्कार
नयी दिल्ली, 27 जून दिल्ली मेट्रो को पहले, दूसरे और तीसरे चरणों के तहत इसकी "उच्च गुणवत्ता" वाली बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं के लिए जापान सोसाइटी ऑफ सिविल इंजीनियर्स की तरफ से एक पुरस्कार मिला है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह पुरस्कार वर्ष 2020 के लिए है।
अधिकारियों ने बताया कि यह पुरस्कार दुनियाभर में सिविल इंजीनियरिंग प्रौद्योगिकी के विकास में अत्यधिक चुनिंदा परियोजनाओं के लिए दिया जाता है।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने एक बयान में कहा, "दिल्ली मेट्रो के पहले, दूसरे और तीसरे चरणों की परियोजनाओं को वर्ष 2020 के लिए प्रतिष्ठित जापान सोसाइटी ऑफ सिविल इंजीनियर्स (जेएससीई) के 'आउटस्टैंडिंग सिविल इंजीनियरिंग अचीवमेंट अवार्ड' से सम्मानित किया गया है। जेएससीई ने दिल्ली मेट्रो की परियोजना को 'उच्च-गुणवत्ता वाली अवसंरचना विकास परियोजना' करार दिया।"
जेएससीई ने अपने पुरस्कार पत्र में उल्लेख किया है कि दिल्ली मेट्रो की परियोजनाओं ने भारत में निर्माण स्थलों पर सुरक्षा और दक्षता के बारे में जागरूकता फैलाई है, तथा लोगों को सुरक्षित और आरामदायक परिवहन प्रदान किया है।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले दो दशकों में दिल्ली मेट्रो की सिविल इंजीनियरिंग उपलब्धियों को वैश्विक मान्यता मिली है और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने इसकी सराहना की है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।