लाइव न्यूज़ :

दिल्ली : व्यक्ति ने खुद को दुर्घटनावश गोली मारकर घायल किया, जांचकर्ताओं को भटकाने के लिए गढ़ी कहानी

By भाषा | Updated: March 4, 2021 16:30 IST

Open in App

नयी दिल्ली, चार मार्च दिल्ली में 30 वर्षीय नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक ने दुर्घटनावश खुद को गोली मार ली और उसके बाद यह कहानी गढ़ी कि उसे यहां के नेब सराय इलाके में कथित तौर पर बाइक सवार दो व्यक्तियों ने गोली मारी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह कहा।

उन्होंने बताया कि सुजीत कुमार नेब सराय इलाके में इंदिरा एनक्लेव में किराए के घर में पत्नी और दस वर्षीय बेटे के साथ रहता है। वह वाहन चालक के तौर पर भी काम करता है।

पुलिस ने बताया कि कुमार का एम्स के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर है।

उन्होंने बताया कि बुधवार को कुमार ने गलती से खुद को गोली मार ली और उसके बाद पीसीआर पर कॉल करके पुलिस को सूचित किया कि मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों ने उसे उसके घर के नजदीक गोली मारी। गोली उसके बाएं घुटने में लगी।

कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर के नजदीक एक उद्यान के पास सिगरेट पी रहा था तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग वहां आए। उनके साथ कुमार की किसी बात को लेकर बहस हो गई जिसके बाद आरोपियों ने उस पर गोली चलाई और वहां से भाग निकले।

पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में भारतीय दंड संहिता और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पूछताछ शुरू हुई। इसमें कुमार ने सवालों के ठीक से जवाब नहीं दिए और जांचकर्ताओं को भटकाने का प्रयास करता रहा।

एक अधिकारी के मुताबिक एक चश्मदीद ने पुलिस को बताया कि न तो उसने ऐसी कोई घटना देखी और न ही गोली की आवाज सुनी। पुलिस को घटनास्थल पर खून भी नहीं मिला। कुमार की पत्नी ने पुलिस के फोन नहीं उठाए और जांच में शामिल नहीं हुई।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि कुमार से जब फिर से पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार कर लिया कि पंद्रह दिन पहले उसका कुछ पड़ोसियों से विवाद हो गया था। उन्होंने बताया, ‘‘पड़ोसी लड़कों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह कुमार उन्हें पिस्तौल दिखाता हुआ निकला था। वह पिस्तौल अपने कमरे में ले गया और कुछ मिनट बाद वह और उसकी पत्नी कमरे से बाहर निकले तथा कुमार गोली लगने से घायल था।’’

उन्होंने बताया, ‘‘लड़कों ने कहा कि उन्होंने कुमार की मदद करनी चाही लेकिन उसने इनकार कर दिया और पुलिस को फोन कर दिया। लड़कों ने कहा कि उन्होंने कुमार की पत्नी को पिस्तौल अपने साथ लेकर जाते देखा। उसने कमरे में ताला लगा दिया था।’’

ठाकुर ने बताया कि पूछताछ में महिला ने कहा कि उसके पति ने दुर्घटनावश खुद को गोली मारकर घायल कर लिया। वह अपने दोस्त से पिस्तौल लाया था। महिला ने कहा कि उसने पति को बचाने के लिए पिस्तौल अपने एक संबंधी के घर पर छिपा दी थी।

पुलिस ने बताया कि तीन कारतूस के साथ पिस्तौल बरामद कर ली गई है।

कुमार के खिलाफ तीन मामले पहले से दर्ज हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतAssembly Elections 2026: किसे मिलेगी सत्ता? असम, केरल और पुडुचेरी में जनता लिख रही है भविष्य; 4 मई को खुलेगा किस्मत का पिटारा

विश्वUS-Iran Ceasefire: लेबनान हमले का पलटवार, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर बंद करेगा ईरान! भड़का अमेरिका

विश्वइस युद्धविराम के आखिर मायने क्या हैं...?

भारतराहुल सांकृत्यायन: घुमक्कड़ी ने जिन्हें महापंडित बनाया 

पूजा पाठRashifal 09 April 2026: लग्जरी आइटम खरीदने में पैसा होगा खर्च, इन 4 राशिवालों के सितारे बुलंद

भारत अधिक खबरें

भारतAssembly elections 2026: केरल में 140, असम में 126 और पुडुचेरी में 30 सीट पर वोटिंग?, जानिए कब होंगे मतगणना

भारतSummer Special Trains 2026: गर्मियों की छुट्टियों के लिए रेलवे चला रहा है स्पेशल ट्रेनें, जानें रूट और टाइमिंग

भारत21वीं सदी की विकास यात्राः आइए, मिलकर नारी शक्ति को सशक्त करें?

भारतनारी शक्ति वंदन अधिनियमः 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित और 2029 के आम चुनाव में लागू?, लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 816, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दी मंजूरी

भारतरेलवे में 8.85 प्रतिशत लोको पायलट ने लगातार 12 घंटे से अधिक काम किया?, रेलवे संघ ने कहा-46.96 प्रतिशत ने 9 घंटे शिफ्ट किए?