Delhi Lok Sabha Election: 7 सीट पर 25 मई को 1.52 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान, सुरक्षा के पुख्ते इंतजाम
By धीरज मिश्रा | Updated: May 8, 2024 13:02 IST2024-05-08T12:59:23+5:302024-05-08T13:02:46+5:30
Delhi Lok Sabha Election: दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर 25 मई को वोट डाले जाएंगे। भारतीय चुनाव आयोग के डेटा अनुसार, दिल्ली के करीब 1.52 करोड़ मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे।

Photo credit twitter
Delhi Lok Sabha Election: दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर 25 मई को वोट डाले जाएंगे। भारतीय चुनाव आयोग के डेटा अनुसार, दिल्ली के करीब 1.52 करोड़ मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए राजधानी दिल्ली में एक लाख से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है। साथ ही चुनाव की व्यवस्थाएं चल रही हैं। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. कृष्णमूर्ति ने बताया कि नए मतदाता आवेदनों की प्रक्रिया बंद हो गई है। दिल्ली में हमारे पास 1.52 करोड़ मतदाता हैं जिनमें लगभग 82.13 लाख पुरुष मतदाता और लगभग 69.88 लाख महिला मतदाता हैं। हमारे पास 1228 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।
2019 की तुलना में इतने लाख मतदाता बढ़े
मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. कृष्णमूर्ति ने बताया कि 2019 की तुलना में 8.85 लाख मतदाताओं की वृद्धि हुई है। 2019 में लिंग अनुपात 818 था, और इस बार लिंग अनुपात 851 है, जो लिंग अनुपात में 33 अंक की वृद्धि दर्शाता है। ट्रांसजेंडर मतदाता 2019 में 669 से बढ़कर 2024 में 1228 हो गए हैं। चुनाव के लिए 2627 स्थानों पर कुल 13637 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर एक लाख से अधिक सुरक्षा कर्मियों को लगाया गया है। जिससे किसी भी तरह से कोई खलल न आए। वहीं, 6833 मतदान केंद्रों से लाइव स्ट्रीमिंग कराई जाएगी। सीएपीएफ की 46 कंपनियां, 19,000 होम गार्ड और 33,000 दिल्ली पुलिस कर्मी शामिल हैं।
गर्मी को देखते हुए यह इंतजाम
कृष्णमूर्ति ने कहा कि भीषण गर्मी की आशंका को देखते हुए अधिकारियों को मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम करने का निर्देश दिया गया है। मतदान केंद्रों पर कूलर सहित ठंडा पीने का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। दिल्ली जल बोर्ड के टैंकर एमसीडी जोनल कार्यालयों में तैनात किए जाएंगे।दिल्ली की सात सीटों के लिए चुनाव 25 मई को होगा। नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे। कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि आम आदमी पार्टी चार सीटों पर चुनाव लड़ रही है। बीजेपी ने इस बार मनोज तिवारी को छोड़कर छह नए चेहरों को टिकट दिया है।