दिल्ली चुनावः अजान शुरू होते ही प्रियंका गांधी ने रोका अपना भाषण, बीजेपी और केजरीवाल निशाने पर रहे
By रामदीप मिश्रा | Updated: February 5, 2020 20:12 IST2020-02-05T20:04:42+5:302020-02-05T20:12:28+5:30
Delhi Elections: प्रियंका गांधी ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने कुछ नहीं किया। केवल प्रचार पर खर्च किया। प्रधानमंत्री को निशाने पर लेते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि हाल की एक रिपोर्ट कहती है कि पिछले पांच सालों में सात महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साढ़े तीन करोड़ नौकरियां चली गयीं।

प्रियंका गांधी (फाइल फोटो)
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का आलाकमान प्रचार में जुटा हुआ है। बुधवार (05 फरवरी) को पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने मटिया महल विधानसभा में एक चुनावी सभा को संबोधित किया है। यहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और आम आदमी पार्टी (आप) पर करारे बार किए। हालांकि उन्हें एक बार अपना भाषण बीच में रोकना पड़ा।
जिस समय प्रियंका गांधी ने अपना भाषण दे रही थीं उस समय अजान शुरू हो गई। अजान शुरू होते ही प्रियंका गांधी ने अपना भाषण रोक दिया और चुप खड़ी हो गईं। अजान पूरी होने के बाद उन्होंने अपना भाषण शुरू किया।
प्रियंका गांधी ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने कुछ नहीं किया। केवल प्रचार पर खर्च किया। प्रधानमंत्री को निशाने पर लेते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि हाल की एक रिपोर्ट कहती है कि पिछले पांच सालों में सात महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साढ़े तीन करोड़ नौकरियां चली गयीं।
प्रियंका गांधी ने शाहीन बाग का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी संबिधान को नष्ट करना चाहती है। ये हिंसक बातें करते हैं और जैसे-जैसे चुनाव पास आता है तो ये बाते बढ़ती है। आप सोचिए कि ये किस तरह की राजनीति है। सत्य और अहिंसा के सामने हिंसा का प्रयोग किया जा रहा है। बनाने और बढ़ाने के सामने बिगाड़ने का प्रयोग है।
उन्होंने आमजन से पूछा कि क्या आपने आज सुबह का अखबार देखा है, जिसमें पहले पन्ने पर बीजेपी का विज्ञापन था। उसमें नरेंद्र मोदी थे। इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि एक पन्ने के विज्ञापन पर कितना खर्च होता है। एक पन्ने के विज्ञापन के लिए 65 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटें हैं जिसमें से 58 सामान्य श्रेणी की है, जबकि 12 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 22 फरवरी 2020 को समाप्त हो रहा है। दिल्ली चुनाव में कुल मतदाताओं की संख्या 1,47,03,692 है जिसमें 1,46,92136 सामान्य मतदाता तथा 11,556 सर्विस वोटर हैं।
दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए मतदान 8 फरवरी को और मतगणना 11 फरवरी को होगी। वहीं, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 14 जनवरी को अधिसूचना जारी की गई थी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 जनवरी थी, जबकि नामांकन पत्र की जांच 22 जनवरी और नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 24 जनवरी थी।