Delhi Elections 2025: घड़ोली से आम आदमी पार्टी की पार्षद प्रियंका गौतम और धर्मवीर सिंह बीजेपी में शामिल?, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने किया स्वागत
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: December 25, 2024 21:38 IST2024-12-25T21:37:02+5:302024-12-25T21:38:58+5:30
Delhi Elections 2025: केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली में एक ऐसे मुख्यमंत्री थे, जिन्होंने कभी राजनीति में न आने की कसम खाई, फिर राजनीति में आ गए और बंगले, सुरक्षा और सरकारी गाड़ियों जैसी सुख-सुविधाओं से दूर रहने की कसम खा ली।

file photo
Delhi Elections 2025: दिल्ली नगर निगम में घड़ोली से आम आदमी पार्टी की पार्षद प्रियंका गौतम बुधवार को अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं। यहां जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। तत्कालीन दक्षिण दिल्ली नगर निगम के पूर्व पार्षद और गुज्जर समुदाय के नेता धर्मवीर सिंह भी बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए। केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली में एक ऐसे मुख्यमंत्री थे, जिन्होंने कभी राजनीति में न आने की कसम खाई, फिर राजनीति में आ गए और बंगले, सुरक्षा और सरकारी गाड़ियों जैसी सुख-सुविधाओं से दूर रहने की कसम खा ली।
मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि हालांकि अब उन्होंने अपने लिए एक महल बना लिया है और दिल्ली की जनता को केवल धोखा दिया है। उन्होंने महिलाओं से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रहने के लिए केजरीवाल की आलोचना की और विशेष तौर पर पंजाब में महिलाओं को 1,000 रुपये देने के वादे का जिक्र किया। भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब सरकार को बने दो साल हो गए हैं, फिर भी राज्य की महिलाओं को एक भी रुपया नहीं दिया गया है। मल्होत्रा ने केजरीवाल सरकार पर संजीवनी योजना और महिला सम्मान जैसी योजनाओं के जरिये लोगों का ‘शोषण’ करने का भी आरोप लगाया।
गौतम ने कहा कि वह नई उम्मीदों के साथ आप में शामिल हुई थीं, लेकिन उन्हें पता चला कि उस पार्टी में जाटव समुदाय के लिए कोई सम्मान नहीं है। उन्होंने केजरीवाल पर जाटव समुदाय और भीम राम आंबेडकर के अन्य अनुयायियों का केवल राजनीतिक लाभ के लिए ‘शोषण’ करने का आरोप लगाया।