लाइव न्यूज़ :

Delhi Cabinet Expansion: सीएम रेखा गुप्ता ने किया विभागों का बंटवारा, किसको क्या मिला?, देखिए पूरी सूची

By सतीश कुमार सिंह | Updated: February 20, 2025 21:21 IST

Delhi Cabinet Expansion: करीब 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करने वाली भाजपा सरकार में रेखा गुप्ता के साथ 6 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

Open in App
ठळक मुद्देDelhi Cabinet Expansion: नयी सरकार राजधानी की जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करेगी।Delhi Cabinet Expansion: रेखा गुप्ता ने दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।Delhi Cabinet Expansion: पंकज कुमार सिंह ने नयी मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली।

Delhi Cabinet Expansion: दिल्ली में भाजपा सरकार ने शपथ ग्रहण पूरा कर लिया और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में नवगठित दिल्ली मंत्रिमंडल में विभाग का बंटवारा हो गया। रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और फिर कार्यभार संभालते ही कहा कि वह ‘विकसित दिल्ली’ के ‘मिशन’ को साकार करने में एक भी दिन बर्बाद नहीं करेगी और नयी सरकार राजधानी की जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करेगी। करीब 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करने वाली भाजपा सरकार में गुप्ता के साथ छह विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष रेखा गुप्ता ने दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

साथ ही, आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, भाजपा का पंजाबी चेहरा आशीष सूद, पार्टी का सिख चेहरा मनजिंदर सिंह सिरसा, कट्टर हिन्दू की छवि वाले कपिल मिश्रा, अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने वाले रविंद्र इंद्राज और पूर्वांचली चेहरा पंकज कुमार सिंह ने नयी मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली।

सिरसा को छोड़कर अन्य सभी मंत्रियों ने हिंदी में शपथ ली। सुषमा स्वराज, कांग्रेस की शीला दीक्षित और आम आदमी पार्टी की आतिशी के बाद गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री हैं। इसके साथ ही वह, वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री हैं।

वर्तमान में, पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाद वह देश में दूसरी महिला मुख्यमंत्री हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। इनके अलावा चंद्रबाबू नायडू, देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, अजीत पवार और पवन कल्याण सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी इस समारोह के साक्षी बने। कई रैलियों और विरोध प्रदर्शनों का गवाह रहे रामलीला मैदान में कई गणमान्य हस्तियां और बड़ी संख्या में आम लोग भी उपस्थित थे।

समारोह के मद्देनजर मैदान को फूल-मालाओं से सजाया गया था और बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री मोदी के पोस्टर लगाए गए थे। इस मौके पर वहां लोगों को ढोल की थाप पर झूमते-नाचते देखा गया। लोगों के हाथ में भाजपा के झंडे भी थे और वे ‘जय श्री राम’ और 'मोदी, मोदी' के नारे लगा रहे थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने रेखा गुप्ता को बधाई दी और विश्वास जताया कि वह पूरी ताकत के साथ दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रेखा गुप्ता जी को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई। वह जमीनी स्तर से उठी हैं, (दिल्ली विश्वविद्यालय) कैंपस राजनीति से लेकर राज्य संगठन और नगरपालिका प्रशासन में सक्रिय रहने के बाद अब विधायक के साथ-साथ मुख्यमंत्री बनी हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि वह पूरी ताकत के साथ दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी। उपयोगी कार्यकाल के लिए उन्हें मेरी शुभकामनाएं।’’

एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने दिल्ली सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने पर प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को भी बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘इस टीम में जोश और अनुभव का खूबसूरत मिश्रण है और निश्चित रूप से यह दिल्ली में सुशासन सुनिश्चित करेगी। उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।’’

शालीमार बाग से 50 वर्षीय विधायक रेखा गुप्ता ने शपथ ग्रहण के बाद दोपहर में दिल्ली सचिवालय में कार्यभार संभाला। उनके साथ भाजपा के दिल्ली प्रभारी बैजयंत पांडा और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा समेत पार्टी के अन्य नेता थे। कार्यभार संभालने के बाद गुप्ता ने संवाददाताओं से कहा कि उनकी सरकार ‘विकसित दिल्ली’ के ‘मिशन’ को साकार करने में एक भी दिन बर्बाद नहीं करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हम दिल्ली की जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करेंगे।’’ कार्यभार संभालने के बाद गुप्ता ने अपनी मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ यमुना घाट पर आरती में हिस्सा लिया। गुप्ता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दिल्ली की जनता को विश्वास दिलाया कि वह अपने जीवन का हर पल उनकी सेवा में समर्पित करेंगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एवं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उनके जैसी सामान्य कार्यकर्ता पर दिल्ली की जन आकांक्षाओं को पूरा करने की जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरा करने के लिए वह दिन-रात एक कर देंगी। उन्होंने कहा, ‘‘मंत्रिमंडल के साथियों के साथ मिलकर विकसित दिल्ली के संकल्प को साकार करने की हरसंभव कोशिश करूंगी।’’

हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं। गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के सामने चुनौतियां भी कई हैं। उन्हें प्रमुख चुनावी वादों को पूरा करना होगा, पिछली सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखना होगा और शहर के प्रदूषण और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों का हल निकालना होगा।

राष्ट्रीय राजधानी की वित्तीय स्थिति पर नजर रखते हुए उसे यह सब करना होगा। भाजपा के लिए एक और बड़ी चुनौती ‘आप’ सरकार द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखना होगा, जिसमें 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा शामिल है।

टॅग्स :दिल्लीदिल्ली सरकाररेखा गुप्ताDelhi BJP
Open in App

संबंधित खबरें

भारतघायल हूं इसलिए घातक हूं?, राघव ने एक्स पर किया पोस्ट, मैं बोलना नहीं चाहता था, मगर चुप रहता तो बार-बार दोहराया गया झूठ भी सच लगने लगता, वीडियो

भारतLPG Cylinder Update: सिलेंडर के लिए अब लंबी वेटिंग खत्म! दिल्ली में बस ID कार्ड दिखाओ और 5KG सिलेंडर पाओ

भारतदिल्ली और उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में महसूस हुए भूकंप के झटके, अफगानिस्तान में आया भूकंप

भारतजो डर गया, समझो मर गया?, सौरभ भारद्वाज ने राघव चड्ढा पर निशाना साधा, कहा- केजरीवाल गिरफ्तार हुए तो विदेश में छिपा?

भारतस्वाति मालीवाल के बाद राघव चड्ढा पर गाज?, आखिर क्यों केजरीवाल के खास लोग छोड़ रहे साथ?

भारत अधिक खबरें

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल

भारतयूपी बोर्ड ने 2026-27 के लिए कक्षा 9 से 12 तक NCERT और अधिकृत पुस्तकें अनिवार्य कीं

भारतपाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमले की धमकी वाले बयान पर सोशल मीडिया पर 'धुरंधर' अंदाज़ में आई प्रतिक्रिया