लाइव न्यूज़ :

दिल्ली भाजपा की झुग्गी बस्तियों में ‘नमो केंद्र’ खोलने की योजना

By भाषा | Updated: November 21, 2021 14:42 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 21 नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई की शहर में करीब 32 विधानसभा क्षेत्रों की झुग्गी बस्तियों में ‘नमो सेवा केंद्र’ खोलने की योजना है और इसी के साथ वह अगले साल की शुरुआत में होने वाले नगर निगम चुनावों के मद्देनजर अपने ‘‘झुग्गी सम्मान यात्रा’’ कार्यक्रम को मजबूत करना चाहती है।

तीन नगर निगमों में 2007 से सत्तारूढ़ भाजपा ने विजय दशमी (15 अक्टूबर) पर ‘‘झुग्गी सम्मान यात्रा’’ शुरू की थी, जिसका मकसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में झुग्गी बस्तियों के निवासियों को जागरूक करना और शहर में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार की ‘‘नाकामियों को उजागर’’ करना है।

भाजपा की दिल्ली इकाई के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया, ‘‘नमो सेवा केंद्रों का मकसद झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को ‘उज्ज्वला योजना’, ‘जहां झुग्गी वहां मकान’ जैसी मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सीधी मदद पहुंचाना है।’’

भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता और अन्य नेताओं ने अब तक ‘‘झुग्गी सम्मान यात्रा’’ के तहत शहर भर के 17 विधानसभा क्षेत्रों में झुग्गी बस्तियों का दौरा किया है। पार्टी ने ऐसे 32 निर्वाचन क्षेत्रों की पहचान की है जहां झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों की घनी आबादी है।

पार्टी पदाधिकारी ने कहा, ‘‘इन दौरों पर मैंने देखा कि कई लोग मोदी सरकार की योजनाओं का लाभ उठा पाने में असमर्थ हैं और वे केजरीवाल सरकार में पानी की आपूर्ति, बिजली, सीवर और अन्य ऐसी सुविधाओं की कमी का सामना कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘स्थानीय लोगों को अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए इन केंद्रों के संचालन के वास्ते स्थानीय कुशल युवाओं को रोजगार देने की योजना है।’’

पार्टी नेताओं ने दावा किया कि ‘झुग्गी सम्मान यात्रा’ को शहर में झुग्गी बस्तियों में ‘‘शानदार प्रतिक्रिया’’ मिल रही है।

दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष आदित्य झा ने कहा, ‘‘हमने लोगों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन दिलाने और जन धन योजना जैसी अन्य योजनाओं में पंजीकरण कराने में मदद करना शुरू कर दिया है। महिलाओं को साड़ियों और राशन किट वितरित करके जरूरतमंद लोगों को तत्काल मदद मुहैया करायी जा रही है।’’

पार्टी की दिल्ली इकाई के कई नेताओं का मानना है कि पंजाब, उत्तराखंड और खासतौर से उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजों का शहर में नगर निगम के चुनावों के नतीजों पर असर पड़ेगा। एक अन्य नेता ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के अच्छे प्रदर्शन से यहां हमारी संभावनाओं को बल मिलेगा जैसा कि 2017 के चुनावों में हुआ था जिसमें हमने तीन नगर निगमों में ‘आप’ (आम आदमी पार्टी) को हराया था।’’

पार्टी नेताओं ने बताया कि नगर निगम चुनावों के लिए रणनीति पर भाजपा की दिल्ली इकाई की कार्यकारी समिति की बैठक में सोमवार को चर्चा की जाएगी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेट3 मैच, 22 रन, 2 चौके, 1 छक्का और 19 गेंद?, टी20 विश्व कप में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले संजू सैमसन क्यों आईपीएल में हो रहे फेल?, सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट

भारतकौन थे डॉ. मणि छेत्री?, 106 वर्ष की आयु में निधन

भारतपवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने दो प्रेस कॉन्फ्रेंस कीं, सीएम सरमा ने कहा-फर्जी डॉक्यूमेंट्स के साथ जनता के सामने बात रखते हैं तो IPC की धारा 420 और 468 लगती है?

क्रिकेटगांगुली और रोहित क्लब में शामिल होंगे गायकवाड़, केवल 1 मैच दूर?, आईपीएल में भारतीय कप्तानों द्वारा लगातार हारे गए मैच?

भारतपश्चिम एशिया युद्धः ओमान तट के निकट ड्रोन बोट हमले में जान गंवाने वाले 25 वर्षीय नाविक दीक्षित सोलंकी का शव मुंबई लाया

भारत अधिक खबरें

भारतगोदामों से सीधे एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध, सीएम रेखा गुप्ता ने कहा-भंडारण केंद्रों पर न जाएं और न ही भीड़ में इकट्ठा हों

भारतउच्च शिक्षा और अनुसंधान की चुनौतियां

भारतआदिवासी खेल: नई प्रतिभाओं की तलाश में एक सार्थक पहल

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं