केजरीवाल ने चुनाव आयोग से की मांग, कहा- 'नई दिल्ली में इंडिपेंड इलेक्शन आब्जर्वर हो नियुक्त'
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: February 2, 2025 10:28 IST2025-02-02T10:22:05+5:302025-02-02T10:28:54+5:30
Delhi Assembly Election 2025: अरविंद केजरीवाल ने चुनाव आयुक्त से AAP कार्यकर्ताओं और नेताओं को सुरक्षा प्रदान करने का भी अनुरोध किया है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अपनी पार्टी के सदस्यों पर हमलों के लिए जिम्मेदार भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का भी आह्वान किया है।

केजरीवाल ने चुनाव आयोग से की मांग, कहा- 'नई दिल्ली में इंडिपेंड इलेक्शन आब्जर्वर हो नियुक्त'
Delhi Assembly Election 2025: आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाते हुए निर्वाचन आयोग से नई दिल्ली सीट के लिए स्वतंत्र पर्यवेक्षक नियुक्त करने की मांग की है। आयोग को लिखे एक पत्र में केजरीवाल ने ऐसे मामलों में कथित रूप से शामिल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने और संबंधित पुलिस अधिकारियों को निलंबित करने की भी मांग की।
केजरीवाल के दावों पर भाजपा और दिल्ली पुलिस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्र में नई दिल्ली सीट पर ‘आप’ कार्यकर्ताओं पर कथित हमले की घटनाओं का हवाला दिया। शनिवार को रोहिणी इलाके में जनसभा के दौरान ‘आप’ के विधायक मोहिंदर गोयल पर कथित तौर पर हमला हुआ था। घटना उस समय हुई जब रिठाला विधानसभा क्षेत्र से आप के उम्मीदवार गोयल सेक्टर 11 के ‘पॉकेट एच’ के स्थानीय निवासियों से बातचीत कर रहे थे।
आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शनिवार को आयोग को पत्र लिखकर आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने आप कार्यकर्ताओं पर हमला किया और उन्हें नयी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार करने से रोकने की कोशिश की।
नई दिल्ली सीट पर केजरीवाल का मुकाबला भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित से है। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान पांच फरवरी को होगा, मतगणना आठ फरवरी को होगी।