नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी इलाके में 16 साल की लड़की की उसी के कथित बॉयफ्रेंड द्वारा बेरहमी से कई बार चाकू गोदकर हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना रविवार शाम की है। मृतक लड़की का नाम साक्षी है। इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है और दिल्ली की खराब कानून व्यवस्था के लिए आम आदमी पार्टी ने सीधे भाजपा और उपराज्यपाल को जिम्मेदार बताया है।
नाबालिग साक्षी की चाकूओं से गोद कर की गई हत्या के बाद आम आदमी पार्टी ने प्रेस कांफ्रेंस किया और कहा कि दिल्ली में हो रही बेटियों और महिलाओं की हत्याओं के लिए भाजपा और उपराज्यपाल जिम्मेदार हैं। आप प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली में कानून व्यवस्था के जिम्मेदार उपराज्यपाल का काम केवल केजरीवाल को रोकना रह गया है। आप प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा और उपराज्यपाल ने दिल्ली की महिलाओं की सुरक्षा का भद्दा मज़ाक बना दिया है।
आम आदमी पार्टी ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना पर गंभीर आरोप भी लगाए। आप प्रवक्ता ने कहा, "एलजी साहब के ऊपर महिला का उत्पीड़न करने का आरोप है, यही वजह है कि वो संवेदनशील ही नहीं हैं। दिल्ली की महिलाओं पर बढ़ते अपराध बताते हैं कि वो असमर्थ हैं। महिला सुरक्षा पर क्या कदम उठाए हैं? एलजी कितने थानों में गए? इसे सार्वजनिक करना चाहिए। देश के 3 महानगरों के अपराध को मिलाकर दिल्ली में उससे ज्यादा महिलाओं के प्रति अपराध होता है। एलजी के पास क़ानून व्यवस्था की जिम्मेदारी है लेकिन वो आम आदमी पार्टी के ख़िलाफ़ राजनीतिक षड्यंत्र करने में लगे हैं।"
बता दें कि पुलिस ने बताया कि रोहिणी के शाहबाद डेयरी इलाके में साहिल ने झगड़े के बाद साक्षी पर बार-बार चाकू से हमला किया। साथ ही कई बार पत्थर से भी हमला किया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में साहिल शाहबाद डेयरी की एक संकरी गली में साक्षी पर चाकू से वार करता नजर आ रहा है, जबकि वहां से गुजर रहे लोग तमाशबीन बनकर पूरी वारदात को चुपचाप देख रहे हैं। वीडियो में दिखता है कि चाकू से बार-बार वार करने के बाद साहिल ने एक पत्थर उठाया और उसके सिर पर कई बार फेंका।
हालांकि साक्षी की हत्या के आरोपी 20 साल के साहिल को बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया गया है। इस वारदात को अंजाम देने के बाद से साहिल फरार चल रहा था। बीच सड़क पर इतनी बेरहमी से एक नाबालिग लड़की की हत्या के इस मामले ने काफी तूल पकड़ लिया है। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी इस मामले में पुलिस को नोटिस भेजा है।