केरल: इडुक्की भूस्खलन में मृतकों की संख्या बढ़कर 50 हुई
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: August 11, 2020 12:36 IST2020-08-11T12:36:03+5:302020-08-11T12:36:03+5:30
केरल में मूसलाधार बारिश, भूस्खलनों और बांध के फाटक खुले जाने से नदियों में जलस्तर बढ़ गया है, जिससे कोट्टायम और अलप्पुझा के निचले इलाकों में रह रहे लोगों के घरों में पानी घुस जाने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।

केरल में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है.
केरल के इडुक्की जिले में पांच दिन पहले हुए भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हुए मकानों के मलबे से और लोगों के शव मिलने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 50 हो गई। इडुक्की में भूस्खलन के कारण चाय बागान कर्मियों के 20 मकान नष्ट हो गए। सरकार के अनुसार, जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ, वहां 78 लोग रह रहे थे। इनमें से 12 लोगों को बचा लिया गया है। अब तक 50 शव बरामद किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि शेष लोगों को खोजने के प्रयास जारी हैं। मृतकों में दो बच्चे और पांच महिलाएं शामिल हैं।
केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) ने बीते कुछ दिनों से भारी बारिश झेल रहे पहाड़ी इलाकों में भू-स्खलन की आशंका को लेकर चेतावनी जारी की है और इलाके में रहने वाले लोगों और सरकारी प्राधिकारियों को सतर्कता बरतने को कहा है। इडुक्की जिले के राजामाला के निकट पेट्टीमुडी में चार दिन पहले हुए भू-स्खलन के बाद राहत कार्य अब भी जारी है।
इस अभियान में लगी विभिन्न एजेंसियों ने सोमवार को यहां मलबे से छह और शव निकाले जिसके बार हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 50 हो गई। अधिकारियों ने कहा कि एनडीआरएफ, अग्निशमन और पुलिस विभाग के साथ ही विभिन्न संगठनों से जुड़े स्वयंसेवक लापता लोगों की तलाश के काम में जुटे रहेंगे। इन लोगों के मलबे के नीचे दबे होने की आशंका है।