सिलवासाः जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को झटका देते हुए दादरा एवं नागर हवेली (डीएनएच) जिला पंचायत के 17 में से 15 सदस्य एवं पार्टी की इस केंद्रशासित प्रदेश की इकाई के अध्यक्ष भाजपा में शामिल हो गये। दोनों ही दलों के पदाधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जिला पंचायत अध्यक्ष उन लोगों में शामिल हैं, जिन्होंने दल-बदल किया। दादरा एवं नागर हवेली जिला पंचायत 20 सदस्यीय निकाय है, जिसका चुनाव दो साल पहले हुआ था। उस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महज तीन सीट जीतकर दूसरे नंबर पर रही थी।
जद (यू) की दादरा एवं नागर हवेली, दमन एवं दीव इकाई के अध्यक्ष धर्मेश चौहान सोमवार को अपनी टीम के साथ भाजपा में शामिल हो गये और उन्हें प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष बनाया गया। भाजपा ने यह जानकारी दी। डीएनएच, दमन एवं दीव केंद्रशासित प्रदेश के पंचायत सचिव ने सोमवार को 15 जद(यू) सदस्यों की नयी पार्टी से संबद्धता को लेकर अधिसूचना जारी की, जिन्होंने डीएनएच पंचायत के सदस्य (दलबदल के आधार पर अयोग्यता) नियमावली, 2014 के प्रावधानों के तहत पाला बदल लिया।
भाजपा ने डीएनएच जिला पंचायत की 20 में से महज तीन सीट ही जीती थीं। भाजपा की दादरा एवं नागर हवेली तथा दमन एवं दीव इकाई के अध्यक्ष दीपेश टांडेल ने बताया कि जद(यू) के 15 सदस्यों के भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद पंचायत में पार्टी का संख्याबल अब 18 हो गया है।
डीएनएच में नगरपालिका का शासन भाजपा के हाथों में था, जबकि जिला पंचायत जद(यू) के नियंत्रण में था। जद(यू) कुछ समय पहले तक बिहार एवं केंद्र में भाजपा के साथ था। उसने हाल में भाजपा से नाता तोड़ लिया।