मुंबई की एक इमारत में सिलेंडर विस्फोट में एक महिला की मौत, 15 लोग झुलसे
By भाषा | Updated: December 7, 2020 00:17 IST2020-12-07T00:17:12+5:302020-12-07T00:17:12+5:30

मुंबई की एक इमारत में सिलेंडर विस्फोट में एक महिला की मौत, 15 लोग झुलसे
मुंबई, छह दिसंबर मुंबई के लालबाग क्षेत्र में चार मंजिला एक आवासीय इमारत में गैस सिलेंडर विस्फोट होने से सुबह आग लग गयी और इस घटना में एक महिला की मौत हो गई और 15 लोग झुलस गए।
अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि एक नाबालिग लड़की समेत नौ लोगों की स्थिति नाजुक है क्योंकि वे 70 फीसदी से 95 फीसदी तक झुलस गए हैं।
अधिकारी ने कहा कि इस हादसे में गंभीर रूप से झुलसी सुशीला बांगरे (62) ने रविवार रात केईएम अस्पताल में दम तोड़ दिया।
अग्निमशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि गणेश गली क्षेत्र स्थित साराभाई इमारत की दूसरी मंजिल पर सुबह करीब सात बजकर 20 मिनट पर आग लग गई।
मुंबई की महापौर किशोरी पेडनेकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘गैस रिसाव के बाद सिलेंडर में विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद एक कमरे की दीवार गिर गई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने घटनास्थल का मुआयना किया। एक नाबालिग लड़की की हालत नाजुक बताई गई है और उसे दक्षिणी मुंबई के भायखला के मसिना अस्पताल ले जाया गया है।’’
अग्निमशमन विभाग के अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब सात बजकर 50 मिनट पर आग पर काबू पा लिया गया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।