28 सितंबर को कांग्रेस में शामिल होंगे भाकपा नेता कन्हैया कुमार और आरडीएएम विधायक जिग्नेश मेवानी!, जानें सबकुछ
By सतीश कुमार सिंह | Updated: September 25, 2021 15:58 IST2021-09-25T15:56:39+5:302021-09-25T15:58:25+5:30
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार और गुजरात के निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवानी कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

कांग्रेस से जुड़े विश्वस्त सूत्रों ने यह जानकारी दी।
नई दिल्लीः भाकपा नेता कन्हैया कुमार और गुजरात से आरडीएएम विधायक जिग्नेश मेवानी 28 सितंबर को कांग्रेस में शामिल होंगे। कांग्रेस से जुड़े विश्वस्त सूत्रों ने यह जानकारी दी।
जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवानी 28 सितंबर को कांग्रेस में शामिल होने की उम्मीद है। मीडिया में अटकलें लगाई जा रही थीं कि कुमार राहुल गांधी के साथ पिछले दिनों मुलाकात के बाद कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले लोकसभा चुनाव से पार्टी में शामिल होने का ऑफर पेंडिंग है।
CPI leader Kanhaiya Kumar and RDAM MLA Jignesh Mewani from Gujarat to join Congress on September 28: Sources
— ANI (@ANI) September 25, 2021
(file phots of Mewani and Kumar, respectively) pic.twitter.com/9lCzGBvBme
सूत्रों ने यह भी कहा कि पूर्व में बातचीत के दौरान कन्हैया कुमार ने राज्य में आंदोलन शुरू करने और फिर धीरे-धीरे इसे राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के लिए बिहार में उनके साथ काम करने के लिए अपनी टीम रखने पर जोर दिया था। हाल के विधानसभा चुनावों में बिहार में कांग्रेस लगभग हार गई थी। महागठबंधन के साथ 70 सीटों पर चुनाव लड़ते हुए सिर्फ 19 सीटें जीतने में सफल रही और इसके प्रदर्शन को गठबंधन की हार का एक कारण माना गया।
सूत्रों का कहना है कि अगर पंजाब प्रदेश कांग्रेस में चल रही उथल-पुथल अगले कुछ दिनों में पूरी तरह खत्म हो गई तो कन्हैया और जिग्नेश 28 सितंबर को शहीद भगत सिंह की जयंती पर कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, गुजरात प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल इन दोनों युवा नेताओं और कांग्रेस के नेतृत्व के बीच बातचीत की मध्यस्थता कर रहे हैं।
कांग्रेस के एक सूत्र ने बताया, ‘‘अगर पंजाब कांग्रेस में राजनीतिक स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई, तो कन्हैया और जिग्नेश 28 सितंबर को कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।’’ मूल रूप से बिहार से ताल्लुक रखने वाले कन्हैया जेएनयू में कथित तौर पर देशविरोधी नारेबाजी के मामले में गिरफ्तारी के बाद सुर्खियों में आए थे।
वह पिछले लोकसभा चुनाव में बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ भाकपा के प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़े थे, हालांकि वह हार गए थे। दूसरी तरफ, जिग्नेश गुजरात के वडगाम विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक हैं।
(इनपुट एजेंसी)