भुवनेश्वरः कोरोना वायरस को लेकर पूरा देश 21 दिनों के लिए लॉकडाउन है, लेकिन इसके बावजूद भी संक्रमित मरीजों की संख्या घटने का नाम नहीं ले रही है। लगातार सख्ती बरती बरती जा रही है। ताजा मामला ओडिशा का है, जहां राजधानी के एक इलाके में कोरोना वायरस का केस सामने आने के बाद पूरे इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है।
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, भुवनेश्वर के सत्य नगर क्षेत्र में एक मामला कोरोना पॉजिटिव का सामने आया है, जिसके बाद नगर निगम ने इलाके को कंटेनमेंट जोन (घेराबंदी) घोषित कर दिया है और लोगों के आने-जाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।
भुवनेश्वर नगर निगम का कहना है कि सत्य नगर इलाके में कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आने के बाद पाया गया है कि इस इलाके में किसी का भी अन्य देश में जाने का इतिहास नहीं रहा है और न ही कोई भारत के किसी अन्य हिस्से से आया है। साथ ही साथ आगे कोरोना न फैले इसलिए इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया, जिसके बाद से इस इलाके से न कोई बाहर आ सकता है और न ही कोई अंदर जा सकता है।
अधिकारियों ने बताया था कि मृतक बुजुर्ग भुवनेश्वर के झारपाडा इलाके के रहने वाला था। उसे सांस लेने में तकलीफ की शिकायत पर चार अप्रैल को एम्स में भर्ती कराया गया था।