कोरोना हुआ तो सीएम ममता बनर्जी को गले लगाऊंगा, भाजपा नेता अनुपम हाजरा पॉजिटिव

By सतीश कुमार सिंह | Updated: October 2, 2020 16:59 IST2020-10-02T16:55:29+5:302020-10-02T16:59:08+5:30

अनुपम हाजरा को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अनुपम हाजरा ने असहजता होने की शिकायत थी जिसके बाद उनके सैंपल को जांच के लिए भेजा गया था।

Coronavirus Kolkata BJP National Secretary Anupam Hazra hug West Bengal Chief Minister Mamata Banerjee COVID-19 | कोरोना हुआ तो सीएम ममता बनर्जी को गले लगाऊंगा, भाजपा नेता अनुपम हाजरा पॉजिटिव

इस बयान की काफी आलोचना हुई। इस बीच, शुक्रवार को वह कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। (file photo)

Highlights मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को गले लगाएंगे ताकि वह कोविड-19 मरीजों के परिवारों का दर्द समझ सकें।जांच में उन्हें कोरोना वायरस संक्रमण होने की पुष्टि हुई। हाजरा पहले तृणमूल कांग्रेस का हिस्सा थे। अनुपम हाजरा ने सोशल मीडिया के जरिए शुक्रवार को खुद जानकारी दी कि उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। 

कोलकाताः  भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव अनुपम हाजरा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। साल 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले वह टीएमसी से भाजपा में शामिल हो गए थे। हाल ही में उन्होंने कहा था कि कोरोना वायरस से संक्रमित हुए तो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को गले लगाएंगे ताकि वह कोविड-19 मरीजों के परिवारों का दर्द समझ सकें।

अनुपम हाजरा को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अनुपम हाजरा ने असहजता होने की शिकायत थी जिसके बाद उनके सैंपल को जांच के लिए भेजा गया था। जांच में उन्हें कोरोना वायरस संक्रमण होने की पुष्टि हुई। हाजरा पहले तृणमूल कांग्रेस का हिस्सा थे। उनके इस बयान की काफी आलोचना हुई। इस बीच, शुक्रवार को वह कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अनुपम हाजरा ने सोशल मीडिया के जरिए शुक्रवार को खुद जानकारी दी कि उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई हैं। 

भाजपा के एक कार्यक्रम में हाजरा द्वारा की गई टिप्पणी के लिए सिलिगुड़ी में तृणमूल कांग्रेस की ओर से पुलिस में एक शिकायत दर्ज करायी गई। हाजरा ने कहा, ‘‘हमारे कार्यकर्ता कोरोना वायरस से भी बड़े दुश्मन से लड़ रहे हैं। वे ममता बनर्जी से लड़ रहे हैं। जब वे (भाजपा कार्यकर्ता) बिना मास्क के ममता बनर्जी का मुकाबला कर सकते हैं तो वे सोचते हैं कि वे मास्क लगाये बिना कोविड-19 से भी लड़ सकते हैं।’’

तो मैं जाकर ममता बनर्जी को गले लगाऊंगा

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने निर्णय किया है कि यदि मैं कोरोना वायरस से संक्रमित होता हूं तो मैं जाकर ममता बनर्जी को गले लगाऊंगा।’’ हाजरा तृणमूल कांग्रेस के एक पूर्व सांसद हैं जो पिछले वर्ष भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि राज्य में जिस तरह से कोविड-19 मरीजों के शवों का अंतिम संस्कार किया जा रहा है वह दुखद है।

उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने (बनर्जी) बीमारी के पीड़ितों से सही तरीके से व्यवहार नहीं किया। उनके शवों को केरोसिन से जलाया जा रहा है। कोविड-19 से जान गंवाने वालों के पुत्रों को उनके चेहरे नहीं देखने दिये जा रहे हैं। हम इस तरह का व्यवहार तो मरे हुए बिल्ली और कुत्तों से भी नहीं करते।’’

तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सौगत राय ने टिप्पणी की निंदा की और कहा कि ऐसी टिप्पणी भाजपा की मानसिकता प्रतिबिंबित करती है। तृणमूल कांग्रेस की सिलिगुड़ी इकाई ने हाजरा के खिलाफ एक रैली की और उनके खिलाफ पुलिस में एक शिकायत दर्ज करायी। उत्तर बंगाल शहर से तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘हमने अनुपम हाजरा के खिलाफ पुलिस में एक शिकायत दी है। हमने पुलिस से उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है।’’

पुलिस शिकायत पर प्रतिक्रिया जताते हुए हाजरा ने कहा कि बनर्जी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कई विवादास्पद टिप्पणी की हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यदि मेरी टिप्पणी अपमानजनक है तो ममता बनर्जी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ ऐसी टिप्पणी की हैं। दूसरा, यदि मेरे खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की जाती है तो तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ कम से कम 10 प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए।’’ प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने हालांकि हाजरा की टिप्पणी से दूरी बना ली। प्रदेश भाजपा के एक नेता ने कहा, ‘‘हम ऐसी टिप्पणी का समर्थन नहीं करते। हमें ऐसी टिप्पणी करने से परहेज करना चाहिए।’’ 

Web Title: Coronavirus Kolkata BJP National Secretary Anupam Hazra hug West Bengal Chief Minister Mamata Banerjee COVID-19

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे