कोरोना मामलों में उछाल, 24 घंटे में 21,566 नए केस, 45 मौत, एक्टिव केस 1 लाख 48 हजार के पार
By विनीत कुमार | Updated: July 21, 2022 10:02 IST2022-07-21T09:53:30+5:302022-07-21T10:02:32+5:30
Coronavirus Update: भारत में कोरोना के 21 हजार से अधिक मामले पिछले 24 घंटे में सामने आए हैं। एक्टिव केस की संख्या अब डेढ़ लाख के करीब पहुंच गई है।

भारत में कोरोना के 21 हजार से अधिक नए केस (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: भारत में कोरोना के मामलों में एक बार फिर उछाल दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में देश में 21,566 नए कोविड मामले सामने आए हैं जबकि 45 और लोगों की महामारी से मौत भी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह ये जानकारी दी गई। देश में कोविड से मरने वालों की संख्या अब बढ़कर 5 लाख 25 हजार 870 पहुंच गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय कगे अनुसार देश में कोविड से पिछले 24 घंटे में 18,294 लोग ठीक भी हुए हैं। वहीं सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1 लाख 48 हजार 881 हो गई है। पिछले 24 घंटे में इस संख्या में 3227 की वृद्धि हुी है। देश में संक्रमण दर अभी 4.25 प्रतिशत है। वहीं मृत्यु दर 1.20% है। कोरोना से ठीक होने की राष्ट्रीय दर अभी 98.46% है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि अब तक कोविड वैक्सीन की देश भर में 200 करोड़ से अधिक (2,00,91,91,969) डोज लगाई जा चुकी है। पिछले 24 घंटे में ही 29 लाख 12 हजार 855 डोज लगाए गए। वहीं, आईसीएमआर के मुताबिक 5 लाख 7 हजार 360 कोरोना टेस्ट भी किए गए।
कोरोना: इन पांच राज्यों से सबसे अधिक मामले
भारत में कोरोना के सबसे अधिक मामले पिछले 24 घंटे में केरल (2667) से सामने आए। वहीं दूसरे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। यहां से 2455 केस मिले हैं। राज्य में 6 मौतें भी दर्ज की गई हैं। केरल में सबसे अधिक 17 मौतें पिछले 24 घंटे में दर्ज की गई हैं। सबसे अधिक नए कोरोना मामलों में तीसरे नंबर पर महाराष्ट्र (2325) है। यहां 7 मौत बुधवार को कोरोना से हुई।
इसके अलावा तमिलनाडु से 2116 नए मामले और कर्नाटक से 1478 केस मिले। दोनों ही राज्यों में हालांकि बुधवार को कोविड से कोई मौत दर्ज नहीं की गई।
कुछ अन्य राज्यों की बात करें तो आंध्र प्रदेश में 489, उत्तर प्रदेश में 439, दिल्ली में 686, ओडिशा में 1122 और राजस्थान में 246 नए कोरोना केस बुधवार को मिले। इसके अलावा गुजरात में 894, छत्तीसगढ़ में 633, मध्य प्रदेश में 216, हरियाणा में 508, बिहार में 469 और तेलंगाना में 640 मामले सामने आए।