भारत में 24 घंटे में कोरोना से सबसे अधिक 3689 लोगों की मौत, मिले संक्रमण के 3.92 लाख नए केस
By विनीत कुमार | Updated: May 2, 2021 09:35 IST2021-05-02T09:27:00+5:302021-05-02T09:35:23+5:30
Coronavirus India Update: भारत में कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या अब बढ़कर 33 लाख के पार पहुंच गई है। वहीं पिछले 24 घंटे में महामारी से सबसे ज्यादा मौत दर्ज की गई है।

भारत में 24 घंटे में कोरोना से 3689 लोगों की मौत (फाइल फोटो)
भारत में कोरोना संक्रमण से पिछले 24 घंटे में 3689 लोगों की मौत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह इसकी जानकारी दी गई। देश में एक दिन में कोरोना से हुई ये सबसे अधिक मौतें हैं। वहीं इसी अवधि में तीन लाख 92 हजार 488 नए मामले भी सामने आए हैं।
इससे पहले शनिवार को दिए गए अपडेट में 24 घंटे में 4 लाख से अधिक मामले सामने आए थे। ताजा अपडेट के बाद अब देश में कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 2 लाख 15 हजार 542 हो गई है। वहीं एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 33 लाख 49 हजार 644 हो चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में 3 लाख 7 हजार 865 लोग डिस्चार्ज भी किए गए हैं। इसी के साथ कोरोना से ठीक होने वालों की कुल संख्या 1 करोड़ 59 लाख 92 हजार 271 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि पिछले साल से अब तक देश में कुल 1 करोड़ 95 लाख 57 हजार 457 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। वहीं 15 करोड़ 68 लाख 16 हजार 31 लोगों को कोरोना की वैक्सीन दी गई है।
India reports 3,92,488 new #COVID19 cases, 3689 deaths and 3,07,865 discharges in the last 24 hours, as per Union Health Ministry
— ANI (@ANI) May 2, 2021
Total cases: 1,95,57,457
Total recoveries: 1,59,92,271
Death toll: 2,15,542
Active cases: 33,49,644
Total vaccination: 15,68,16,031 pic.twitter.com/5xytqvn2K0
देश की राजधानी दिल्ली में ही शनिवार को 412 लोगों ने दम तोड़ दिया। ये एक दिन में दिल्ली में कोरोना से सबसे ज्यादा हुई मौत है। वहीं राजधानी में संक्रमण के 25,219 नए मामले भी सामने आए। आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में में अभी संक्रमण दर 31.61 फीसदी है।
इससे पहले गुरुवार को दिल्ली में 395, बुधवार को 368, मंगलवार को 381 और सोमवार को 380 मरीजों की जान गई थी। दिल्ली में कोरोना से अब तक 16,559 लोगों की मौत हो चुकी है। शहर में पिछले 24 घंटे में 79,780 नमूनों की जांच की गई।