मुंबई: महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है। भारत में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र है। देश में सबसे अधिक कोरोना से 459 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई है। राज्य में कुल मरीजों की संख्या 10 हजार 498 है। पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 27 मौतें हुई हैं और 583 नए मामले सामने आए हैं। वहीं भारत में कोरोना वायरस से पिछले 24 घंटे में 72 लोगों की जान गई है। भारत में कुल कोरोना मरीजों की संख्या 35,043 हो गई है और 1,147 की मौत हुई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 से अब भी 25,007 एक्टिव केस हैं जबकि 8,888 लोग स्वस्थ हो गए और एक मरीज देश छोड़कर चला गया। कुल 35,043 संक्रमितों में 111 विदेशी नागरिक शामिल हैं।
जानें किस राज्य में कोरोना से कितने लोगों की मौत
भारत में इस संक्रामक रोग से अब तक हुई 1,147 मौतों में से महाराष्ट्र में सबसे अधिक 459 लोगों ने जान गंवाई। इसके बाद गुजरात में 214, मध्य प्रदेश में 137, दिल्ली में 59, राजस्थान में 58, उत्तर प्रदेश में 39, पश्चिम बंगाल में 33 और आंध्र प्रदेश में 31 लोगों की मौत हुई। कोरोना वायरस से तमिलनाडु में 27, तेलंगाना में 26 लोगों की मौत हुई जबकि कर्नाटक में 21 लोगों की मौत हुई। पंजाब में अभी तक 19 लोगों की मौत हुई है जबकि जम्मू कश्मीर में आठ, केरल में चार, झारखंड और हरियाणा में तीन-तीन लोगों की मौत हुई है। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से बिहार में दो लोगों की जान गई जबकि मेघालय, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और असम में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।
जानें किस राज्य में कोरोना के कितने मरीज
देश में संक्रमण के सबसे अधिक 10,498 मामले महाराष्ट्र में हैं। इसके बाद गुजरात में 4,395, दिल्ली में 3,515, मध्य प्रदेश में 2,660 मामले सामने आए। राजस्थान में संक्रमित लोगों की संख्या 2,584 पर पहुंच गई, तमिलनाडु में 2,323 और उत्तर प्रदेश में 2,203 लोग संक्रमित पाए गए। आंध्र प्रदेश में कोविड-19 के मामले बढ़कर 1,403 और तेलंगाना में 1,038 हो गए हैं। पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के 795, जम्मू कश्मीर में 614, कर्नाटक में 565, केरल में 497, बिहार में 418 और पंजाब में 357 मामले सामने आए हैं।
हरियाणा में इस जानलेवा विषाणु के 313 मामले सामने आए हैं जबकि ओडिशा में 142, झारखंड में 109 और उत्तराखंड में 57 मामले हैं। चंडीगढ़ में 56 मामले, असम में 42 जबकि हिमाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अब तक 40-40 मामले सामने आए हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप पर 33 लोग संक्रमित पाए गए जबकि लद्दाख में 22 लोग संक्रमित पाए गए हैं। मेघालय में कोरोना वायरस के 12 मामले सामने आए, पुडुचेरी में आठ जबकि गोवा में सात मामले सामने आए। मणिपुर और त्रिपुरा में दो-दो मामले सामने आए जबकि मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में एक-एक मामला सामने आया।