देश में कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा चार लाख के पार, अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत तीसरा देश
By अभिषेक पारीक | Updated: July 2, 2021 11:52 IST2021-07-02T11:48:23+5:302021-07-02T11:52:47+5:30
पिछले चौबीस घंटे में देश में कोरोना वायरस से 853 मौतें हुई हैं। जिसके बाद भारत दुनिया का ऐसा तीसरा देश बन गया है, जहां पर कोविड-19 के कारण चार लाख से ज्यादा मौतें हुई हैं।

फाइल फोटो
भारत में कोरोना वायरस के मामले कम हो रहे हैं। बावजूद इसके भारत लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। पिछले चौबीस घंटे में देश में कोरोना वायरस से 853 मौतें हुई हैं। जिसके बाद भारत दुनिया का ऐसा तीसरा देश बन गया है, जहां पर कोविड-19 के कारण चार लाख से ज्यादा मौतें हुई हैं। भारत से ज्यादा मौतें अभी अमेरिका और ब्राजील में हुई हैं।
भारत में कोविड-19 महामारी के कारण कुल 4,00,312 लोगां की मौत हुई है। वहीं अमेरिका में 6.05 लाख और ब्राजील में 5.2 लाख लोगों को महामारी के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे के दौरान 46,617 नए कोविड-19 के मामले सामने आए हैं। वहीं इसी अवधि के दौरान 59,384 मरीज ठीक भी हुए हैं।
72 फीसद मामले सिर्फ पांच राज्यों से
सर्वाधिक मामले सामने आने वाले पांच राज्यों में केरल शीर्ष पर है। केरल में 12,868 मामले सामने आए हैं। वहीं महाराष्ट्र में 9,195 मामले, तमिलनाडु में 4,481 मामले, आंध्र प्रदेश में 3,841 मामले और कर्नाटक में 3,203 मामले सामने आए हैं। देश में सामने आए मामलों का 72.04 फीसद इन्हीं राज्यों से सामने आए हैं। वहीं कोरोना वायरस के 27.6 फीसद दैनिक मामलों के लिए केरल जिम्मेदार है।
महाराष्ट्र में हो रहीं सर्वाधिक मौतें
हालांकि पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में सर्वाधिक लोगां की मौतें हुई हैं। अकेले महाराष्ट्र में 252 लोगों की कोविड-19 महामारी के कारण मौत हो गई। इसके बाद केरल में एक दिन में 124 मौतें हुईं।
बढ़ गया रिकवरी रेट
हालांकि, अब लगातार 50वें दिन रोजाना स्वस्थ होने वालों की संख्या नए मामलों से अधिक होने के कारण ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 2,95,48,302 हो गई है। साथ ही देश का रिकवरी रेट बढ़कर 96.75 फीसदी हो गया है।