COVID-19: देश में 4 लाख से अधिक ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध, करीब 19,398 वेंटिलेटर हैं
By भाषा | Updated: May 1, 2020 18:06 IST2020-05-01T18:06:57+5:302020-05-01T18:06:57+5:30
इम्पावर्ड ग्रुप-3 के अध्यक्ष पी. डी. वाघेला ने कहा कि 4 लाख से अधिक ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हैं, 1 लाख से अधिक ऑक्सीजन सिलेंडरों के ऑर्डर दिए गए हैं। औद्योगिक ऑक्सीजन को मेडिकल ऑक्सीजन में भी परिवर्तित किया जा रहा है। 35 लाख RT-PCR किट की मांग है, ICMR ने 21.35 लाख किट के लिए ऑर्डर दिया है। हमें अब तक 13.75 लाख किट मिले हैं।

एक लाख से अधिक ऑक्सीजन सिलेंडर के लिये ऑर्डर दिये गये हैं। (photo-ani)
नई दिल्लीः केंद्र ने शुक्रवार को कहा कि 2.22 करोड़ व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) के लिये आर्डर दिये गये है, जिनमें 1.43 करोड़ का निर्माण घरेलू विनिर्माता करेंगे।
कोविड-19 से निपटने में इस्तेमाल होने वाले इन सुरक्षा उपकरणों का स्वेदश में ही उत्पादन करने को बढ़ावा देने की कोशिश के तहत यह कदम उठाया गया है। देश में कोविड-19 से जुड़े विषय पर अधिकार प्राप्त समूह-3 के प्रमुख पी डी वाघेला ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश में करीब 19,398 वेंटिलेटर उपब्लध हैं व 60,884 और वेंटिलेटर के लिये आर्डर दिये गये हैं, जिनमें से 59,884 घरेलू विनिर्माता बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि कुल 2.49 करोड़ एन-95/एन-99 मास्क के आर्डर दिये गये हैं, जिनमें 1.49 करोड़ मास्क के आर्डर घरेलू विनिर्माताओं को दिये गये हैं। दवाइयों और अन्य मेडिकल उपकरणों के उत्पादन के विषय पर उन्होंने कहा, ‘‘हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन (की गोलियों) का उत्पादन प्रति महीने 12.23 करोड़ से बढ़ कर 30 करोड़ हो गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ चार लाख से अधिक ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हैं, जो अभी के लिये पर्याप्त हैं। इसके अलावा, एक लाख से अधिक ऑक्सीजन सिलेंडर के लिये ऑर्डर दिये गये हैं।
औद्योगिक ऑक्सीजन को मेडिकल ऑक्सीजन में तब्दील किया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,993 नये मामले सामने आये हैं, जिससे कुल मामले बढ़ कर 35,043 हो गये हैं। उन्होंने कहा कि 8,888 मरीज अब तक संक्रमण मुक्त हुए हैं, जो कुल मामलों का 25.37 प्रतिशत है।
More than 4 lakh oxygen cylinders are available; orders for more than 1 lakh oxygen cylinders have been placed. Industrial oxygen also being converted into medical oxygen: PD Vaghela, Chairman, Empowered Group-3
— ANI (@ANI) May 1, 2020