संविधान सम्पूर्ण भारतीय मूल्यों का जीवंत दस्तावेज है: राज्यपाल

By भाषा | Updated: November 26, 2020 22:58 IST2020-11-26T22:58:10+5:302020-11-26T22:58:10+5:30

Constitution is a living document of all Indian values: Governor | संविधान सम्पूर्ण भारतीय मूल्यों का जीवंत दस्तावेज है: राज्यपाल

संविधान सम्पूर्ण भारतीय मूल्यों का जीवंत दस्तावेज है: राज्यपाल

रांची, 26 नवंबर झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने संविधान दिवस पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है और हमारा संविधान केवल एक सर्वोच्च कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह सम्पूर्ण भारतीय मूल्यों का जीवंत दस्तावेज है।

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) द्वारा संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कहा, ‘‘संविधान हमारे देश की आत्मा है जिसने अपनी यात्रा के हर पग पर सफलता अर्जित की है। इसने देश की एकता तथा अखंडता, देशवासियों की मानवीय गरिमा तथा देश के संस्थानों की अहमियत को अक्षुण्ण बनाये रखने का कार्य किया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे संविधान द्वारा देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था, निष्पक्ष तथा स्वतंत्र न्यायपालिका एवं जन-संवेदनशील व्यवस्थापिका कायम करने का प्रयास किया गया है।’’

मुर्मू ने कहा, ‘‘हमारा देश विविधताओं का देश है। यहां विभिन्न जाति, धर्म, सम्प्रदाय के लोग भिन्न-भिन्न रीति-रिवाज़ का पालन करते हुए साथ रहते हैं। हमारा देश विविधता में एकता का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करता है। इसमें संविधान का अहम योगदान है।’’

राज्यपाल ने कहा, ‘‘मैं इस अवसर पर कहना चाहूंगी कि भारत 70 साल पुराना देश नहीं है, बल्कि हमारी सभ्यता हजारों साल पुरानी है। हमारी सिन्धु घाटी सभ्यता, वैदिक काल सभ्यता, विज्ञान, कला वाणिज्य, नैतिकता तथा मानवीय मूल्य आज के यूरोप से बेहतर रहे हैं। अतः हमारा संविधान, हमारी भारतीय सभ्यता का मूर्त रूप है।’’

उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि झारखंड राज्य में आज के दिन न्यायपालिका तथा कार्यपालिका ने मिलकर ‘सेवा लोक अदालत’ का आयोजन किया है। इस लोक अदालत में 25,000 से ज्यादा मामलों का निष्पादन हुआ है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Constitution is a living document of all Indian values: Governor

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे