प्रियंका गांधी के जन्म दिवस पर अमेठी में कांग्रेसियों ने बांटे कंबल
By भाषा | Updated: January 12, 2021 22:14 IST2021-01-12T22:14:46+5:302021-01-12T22:14:46+5:30

प्रियंका गांधी के जन्म दिवस पर अमेठी में कांग्रेसियों ने बांटे कंबल
अमेठी (उप्र), 12 जनवरी कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाद्रा के 49वें जन्म दिन को संगठन सृजन दिवस के रूप में मनाते हुए कांग्रेस जनों ने कार्यक्रम आयोजित किये और कंबल वितरण किया। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय गौरीगंज में ज़रूरतमंदों, रिक्शा ठेलिया वालों तथा असहायों को कंबल वितरित किए।
प्रदीप सिंघल ने कहा कि प्रियंका गांधी प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था, महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार, भ्रष्टाचार, आमजन की पीड़ा को दूर करने के लिए सेवा भाव के साथ संघर्ष कर रही हैं और निश्चित ही कांग्रेस अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में सफल होगी। उन्होंने कहा कि आज संसदीय क्षेत्र के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में जगह-जगह कंबल वितरण किया गया।
उल्लेखनीय है कि गांधी परिवार के संजय गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने अमेठी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। प्रियंका गांधी का जन्म दिवस लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय समेत कई जगह मनाया गया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।