लाइव न्यूज़ :

कांग्रेस के संकटमोचक अहमद पटेल नहीं रहे

By भाषा | Updated: November 25, 2020 21:12 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 25 नवंबर कांग्रेस के संकटमोचक, पार्टी के वरिष्ठ नेता और सोनिया गांधी के सबसे भरोसेमंद सहयोगी अहमद पटेल का बुधवार को निधन हो गया। वह 71 वर्ष के थे और कुछ हफ्ते पहले कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे।

पटेल के परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि कोरोना संबंधी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए पटेल को गुजरात के भरूच जिले में उनके पैतृक गांव पिरामन में बृहस्पतिवार सुबह सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

सूत्रों ने यह भी बताया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कुछ अन्य वरिष्ठ नेता पटेल के जनाजे में शामिल होंगे।

इससे पहले, पटेल के पुत्र फैसल पटेल और पुत्री मुमताज सिद्दीकी ने बुधवार सुबह ट्विटर पर एक बयान जारी कर बताया कि उनके पिता ने बुधवार तड़के साढे तीन बजे अंतिम सांस ली।

उन्होंने कहा, ‘‘दुख के साथ अपने पिता अहमद पटेल की दुखद और असामयिक मृत्यु की घोषणा कर रहा हूं। 25 तारीख को सुबह करीब 3.30 बजे उनका निधन हो गया।’’

फैसल और मुमताज ने बताया कि इलाज के दौरान उनके पिता के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया । पटेल को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पटेल के सम्मान में पार्टी का ध्वज अगले तीन दिनों तक झुका रहेगा।

पटेल के निधन की जानकारी के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने यहां पार्टी मुख्यालय पहुंचकर पटेल को श्रद्धांजलि दी।

राहुल गांधी, आनंद शर्मा, रणदीप सुरजेवाला, कपिल सिब्बल, भूपेंद्र हुड्डा, राजीव शुक्ला, जितिन प्रसाद और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं ने पटेल के आवास पर पहुंचकर उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की और ढांढस बंधाया।

पटेल ने गत एक अक्टूबर को ट्वीट के माध्यम से घोषणा की थी कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। इसके कुछ दिनों बाद उन्होंने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर उनके पुत्र चिराग पासवान को शोक संदेश भेजा था। पासवान के निधन पर आठ अक्टूबर को ट्विटर पर पोस्ट किया शोक संदेश उनका आखिरी ट्वीट था।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विश्वस्त सहयोगियों में से एक पटेल वर्तमान में कांग्रेस के कोषाध्यक्ष थे। वह पार्टी के संकटमोचक के रूप में भी जाने जाते थे।

पटेल 1993 से पांच बार लगातार गुजरात से राज्यसभा के सदस्य थे। इससे पहले वह 1977, 1980 और 1984 में लगातार तीन बार गुजरात की भरूच लोकसभा सीट से सांसद बने।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और कांग्रेस एवं कई अन्य दलों के नेताओं ने पटेल के निधन पर दुख जताया है।

मोदी ने पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पटेल एक ऐसे कामरेड, निष्ठावान सहयोगी और मित्र थे जिनकी जगह कोई नहीं ले सकता।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पटेल के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पटेल एक ऐसे स्तंभ थे जो सबसे मुश्किल दौर में भी पार्टी के साथ खड़े रहे।

पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने दुख जताते हुए कहा कि पटेल की कांग्रेस के प्रति प्रतिबद्धता और सेवा असीमित थी।

गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘‘कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। अहमद पटेल जी का कांग्रेस पार्टी और सार्वजनिक जीवन में बड़ा योगदान रहा। मैं दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।’’

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा, ‘‘वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल जी के निधन से गहरी पीड़ा हुई है। दुख की इस घड़ी में मैं कामना करता हूं कि ईश्वर उनके परिवार के सदस्यों और समर्थकों को पीड़ा सहन करने की शक्ति दें।’’

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘दिग्गज कांग्रेस नेता और मित्र अहमद पटेल जी के निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। यह कांग्रेस और मेरे जैसे पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं के लिए बहुत बड़ी क्षति है। पार्टी के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने कहा, ‘‘वरिष्ठ कांग्रेस नेता और मित्र अहमद पटेल जी के निधन से स्तब्ध और दुखी हूं। वह समर्पित कार्यकर्ता, हमारी पार्टी की मजबूत धुरी थे और उन्होंने मुश्किल समय में पार्टी को आगे बढ़ाया। उनके परिवार, मित्रों और कार्यकर्ताओं के प्रति मेरी संवेदना है। हम उनकी कमी महसूस करेंगे।’’

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों, वाम दलों, सपा, राजद, द्रमुक, तृणमूल कांग्रेस और कई अन्य दलों के नेताओं ने भी पटेल के निधन पर दुख जताया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

ज़रा हटकेVIDEO: पूजा करने गया था श्रद्धालु, मंदिर में ही हो गई पिटाई – CCTV फुटेज वायरल

क्रिकेटKKR का खाता खुला, PBKS टॉप पर, मैच रद्द होने से बदला पूरा समीकरण

क्रिकेटKKR vs PBKS: ईडन गार्डन्स में आउटफील्ड गीली होने के कारण मैच रद्द, दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला

ज़रा हटकेVIDEO: हाईवे पर खतरनाक टावर गिरा, मौके पर प्रशासन मौजूद

भारतWest Bengal: विधानसभा चुनावों से पहले बंगाल की वोटर लिस्ट से करीब 90 लाख नाम हटाए गए

भारत अधिक खबरें

भारतAssam Opinion Poll 2026: बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए और भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में बना रहेगा, Matrize का अनुमान

भारतयूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% तक बढ़ाएगी सरकार, सरकारी खजाने पर बढ़ेगा 120 करोड़ रुपए का बोझ

भारत'मेरे पति 40 साल के हैं, मैं 19 की': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने का अधिकार जीता

भारत'IIT बाबा' अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर से शादी की, पत्नी के साथ हरियाणा में अपने पैतृक गांव पहुंचे

भारतSamrat Vikramaditya Mahanatya: 60 हजार से ज्यादा दर्शकों ने देखा 'सम्राट विक्रमादित्य', वाराणसी के रोम-रोम में बसा अनोखा मंचन, देखें Photos