संवाददाता सम्मेलन में सिलेंडर के साथ पहुंचीं कांग्रेस प्रवक्ता, रसोई गैस के दाम घटाने की मांग की

By भाषा | Updated: February 15, 2021 13:42 IST2021-02-15T13:42:22+5:302021-02-15T13:42:22+5:30

Congress spokesperson arrived at the press conference with a cylinder, demanded a reduction in the price of LPG | संवाददाता सम्मेलन में सिलेंडर के साथ पहुंचीं कांग्रेस प्रवक्ता, रसोई गैस के दाम घटाने की मांग की

संवाददाता सम्मेलन में सिलेंडर के साथ पहुंचीं कांग्रेस प्रवक्ता, रसोई गैस के दाम घटाने की मांग की

नयी दिल्ली, 15 फरवरी कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत रसोई गैस के दाम में बढ़ोतरी के विरोध में सोमवार को सिलेंडर के साथ संवाददाता सम्मेलन में पहुंचीं और सरकार से बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस लेने की मांग की।

उन्होंने सरकार पर ‘कुप्रबंधन, मुनाफाखोरी करने और आम लोगों की फिक्र नहीं करने’ का आरोप लगाया और सवाल किया कि संप्रग सरकार के समय सिलेंडर लेकर सड़क पर बैठने वाली भाजपा की महिला नेता अब चुप क्यों हैं?

कांग्रेस प्रवक्ता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पिछले 10 दिनों के भीतर इस सरकार ने रसोई गैस के सिलेंडर में 75 रुपये की बढ़ोतरी की है। चार फरवरी को दाम 25 रुपये बढ़ाए गए थे और अब 50 रुपये बढ़ा दिए गए। यही नहीं, दो महीने के भीतर सिलेंडर की कीमत में 175 रुपये की वृद्धि की जा चुकी है। आज के समय में दिल्ली में एक सिलेंडर 769 रुपये का बिक रहा है।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘संप्रग सरकार के समय एक सिलेंडर की कीमत 400 रुपये के करीब थी। उस समय कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा थी, लेकिन पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित रखा गया था। अब पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें आसमान छू रही हैं। इस सरकार के कुप्रबंधन के कारण देश को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह सरकार डीजल पर उत्पाद शुल्क को आठ गुना और पेट्रोल पर ढाई गुना बढ़ा चुकी है। इस सरकार की कृपा है कि देश ने पेट्रोल की कीमत के मामले में शतक लगा दिया है और नया कीर्तिमान गढ़ दिया है। ऐसा लगता है कि इस सरकार को आम आदमी की रत्ती भर फिक्र नहीं है।’’

सुप्रिया ने सवाल किया कि क्या सरकार का काम ‘मुनाफाखोरी’ करना है?

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार से मांग है कि बढ़ी हुई कीमतें वापस ली जाएं और उत्पाद शुल्क कम करके लोगों राहत दी जाए।’’

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी और कांग्रेस की सरकार में कीमत 10 रुपये बढ़ने पर सिलेंडर लेकर सड़क पर उतरने वाली महिला नेता से पूछना चाहती हूं कि क्या आज सत्ता का सुख इतना बड़ा हो गया है कि वह बोल नहीं पा रही हैं? आपको पता है कि मैं किसके बारे में बात कर रही हूं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Congress spokesperson arrived at the press conference with a cylinder, demanded a reduction in the price of LPG

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे