CBI डायरेक्टर की बहाली को लेकर देशभर में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, राहुल गांधी ने दी गिरफ्तारी, आधे घंटे में हुई रिहाई

By भाषा | Updated: October 27, 2018 03:50 IST2018-10-27T03:50:26+5:302018-10-27T03:50:26+5:30

राहुल ने आरोप लगाया कि देश में हर संस्था को बर्बाद किया जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने यहां अपने विरोध मार्च में पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं का नेतृत्व किया।

Congress protest in the country all over against restoration of the CBI director, Rahul Gandhi gave the arrest | CBI डायरेक्टर की बहाली को लेकर देशभर में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, राहुल गांधी ने दी गिरफ्तारी, आधे घंटे में हुई रिहाई

CBI डायरेक्टर की बहाली को लेकर देशभर में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, राहुल गांधी ने दी गिरफ्तारी, आधे घंटे में हुई रिहाई

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अपनी गिरफ्तारी देने के साथ पार्टी ने शुक्रवार को सड़कों पर उतरते हुए सीबीआई कार्यालयों तक राष्ट्रव्यापी विरोध मार्च किया और सरकार पर इस केंद्रीय जांच एजेंसी को पिंजड़े में कैद करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। 

राहुल ने आरोप लगाया कि देश में हर संस्था को बर्बाद किया जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने यहां अपने विरोध मार्च में पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं का नेतृत्व किया। भाकपा, तृणमूल कांग्रेस और लोकतांत्रिक जनता दल जैसी विपक्षी पार्टियों के नेता भी प्रदर्शन में शामिल हुए। 

पटना, हैदराबाद, गुजरात समेत इन जगहों पर किया मार्च

कांग्रेस ने इसी तरह के मार्च पटना, हैदराबाद, गांधीनगर (गुजरात), मुंबई, बेंगलुरू, भुवनेश्वर, चंडीगढ़ और हैदराबाद सहित अन्य शहरों में भी निकाले। पुलिस ने कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों को थोड़ी देर के लिए हिरासत में लिया लेकिन किसी हिंसा की खबर नहीं है। 

प्रदर्शनकारी नारे लगा रहे थे और तख्तियां लिए हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सीबीआई को पिंजड़े में कैद करने की कोशिश कर रही है। दिल्ली में प्रदर्शनकारियों में एक ने सीबीआई को पिंजरे में दर्शाते हुए एक पोस्टर लिया हुआ था।

कांग्रेस ने लगाया आरोप

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा को सारे अधिकारों से वंचित करने के सरकार के फैसले की वजह राफेल सौदे की कथित जांच है। लेकिन सरकार ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।  कांग्रेस ने यह राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन उस दिन किया, जब उच्चतम न्यायालय ने सीबीआई के शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ आरोपों की सीवीसी जांच एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में दो हफ्तों में पूरी करने का आदेश दिया। 

हालांकि, राहुल ने न्यायालय के आदेश पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। लेकिन उन्होंने कहा कि प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।  वित्त मंत्री अरूण जेटली ने आदेश का स्वागत किया और कहा कि सरकार का किसी व्यक्ति के समर्थन या विरोध में कोई रूचि नहीं है और वह जांच एजेंसी की संस्थागत अक्षुण्णता को सिर्फ कायम रखना चाहती है। 

विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल ने दी गिरफ्तारी

राहुल ने दिल्ली में दयाल सिंह कॉलेज से लेकर सीबीआई मुख्यालय तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के करीब एक किलोमीटर लंबे मार्च का नेतृत्व किया। उन्होंने विरोध मार्च और लोधी रोड पुलिस थाना की अपनी तस्वीर भी ट्वीट की। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार लाख कोशिश कर ले, सच को क़ैद नहीं कर पाएगी। पूरे देश में जनता सड़कों पर प्रधानमंत्री को असलियत का आईना दिखा रही है |’’  राहुल ने सीबीआई मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शित करने के बाद गिरफ्तारी दी। 

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि राहुल सहित 130 प्रदर्शनकारियों और अशोक गहलोत, भूपेंद्र सिंह हुड्डा जैसे कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया गया तथा आधे घंटे बाद उन्हें रिहा किया गया।  लोकतांत्रिक जनता दल के नेता शरद यादव, भाकपा नेता डी राजा और तृणमूल कांग्रेस के नदीमुल हक भी कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल हुए। 

राहुल ने सरकार को आड़े हाथ लेते हुए आरोप लगाया कि मोदी ने देश का धन चुराया और वह भाग सकते हैं लेकिन सच से छिप नहीं सकते।

राहुल के आरोपों पर फिलहाल प्रधानमंत्री की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।  कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘आप मुझे कई बार गिरफ्तार कर सकते हैं लेकिन मुझे परवाह नहीं।’’  राफेल लड़ाकू विमान सौदे पर प्रधानमंत्री के खिलाफ अपने आरोपों को दोहराते हुए राहुल ने एक बार फिर से उन्हें “चौकीदार’’ कह कर पुकारा और कहा कि उन्होंने ‘‘30,000 करोड़ रुपये अनिल अंबानी की जेब में जमा किए।” 

राहुल सीबीआई मुख्यालय के बाहर लगाए गए पुलिस बैरीकेड के सामने एक ट्रक पर चढ़ गए। प्रदर्शनकारियों को इमारत तक पहुंचने से रोकने की खातिर वहां पुलिस बैरीकेड लगाए गए थे। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार सीबीआई, चुनाव आयोग और प्रवर्तन निदेशालय जैसी संस्थाओं को बर्बाद कर रही है। 

भाररत में हर संस्था को बर्बाद कर रहे हैं प्रधानमंत्री

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘भारत में हर संस्था को प्रधानमंत्री बर्बाद कर रहे हैं।’’  प्रदर्शन में शामिल हुए गहलोत ने कहा कि सीबीआई निदेशक को हटाने का फैसला अवैध है । इस तरह का फैसला देश के प्रधान न्यायाधीश, विपक्ष के नेता और प्रधानमंत्री साथ मिल कर ही ले सकते हैं। 

चंडीगढ़ में पुलिस ने बताया कि उन्हें प्रदर्शकारियों पर पानी की बौछार करनी पड़ी और प्रदर्शन स्थल के आसपास कुछ देर के लिए यातायात भी रोकना पड़ा। राष्ट्रीय राजधानी में भी कुछ सड़कों पर थोड़ी देर तक यातायात प्रभावित हुआ। 

गुजरात के गांधीनगर में कांग्रेस के आठ विधायकों सहित 40 से अधिक कार्यकर्ताओं और नेताओं को सीबीआई कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के मुताबिक बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। 

पटना में सैकड़ों महिलाओं सहित कांग्रेस कार्यकर्ता सीबीआई कार्यालय के बाहर धरना पर बैठें । उन्होंने तख्तियां ले रखी थी जिन पर लिखा था, ‘‘सीबीआई बचाओ, लोकतंत्र बचाओ। ’’  हैदराबाद में कांग्रेस के प्रदर्शन में तेदेपा और भाकपा भी शामिल हुई।

मुंबई में संजय निरूपम ने किया नेतृत्व

मुंबई शहर में नगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरूपम ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया और प्रधान मंत्री पर आरोप लगाया कि उन्होंने संविधान के खिलाफ जा कर वर्मा को हटाया।  बेंगलुरू में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीबीआई कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं कर्नाटक प्रभारी केसी वेणुगोपाल ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया। 

प्रदर्शन में पार्टी के कई विधायकों और पार्षदों की अनुपस्थिति के विषय पर पार्टी प्रवक्ता सुभाष अग्रवाल ने कहा कि यह ज्यादा मायने नहीं रखता क्योंकि यह एक सांकेतिक प्रदर्शन है।  पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने सीबीआई में चल रहे घमासान को लेकर ट्विटर पर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी एजेंसी के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन हुए। 

केरल और भुवनेश्वर में काले कपड़े में किया विरोध प्रदर्शन

भुवनेश्वर में कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने काले रंग की टी शर्ट पहन कर सीबीआई कार्यालय में घुसने की कोशिश की लेकिन उन्हें रोक दिया गया।  केरल कांग्रेस नेताओं ने तिरूवंतपुरम में स्थानीय सीबीआई कार्यालय तक मार्च किया। रांची, धनबाद, जम्मू , विजयवाड़ा, गुवाहाटी सहित अन्य शहरों में इस तरह के प्रदर्शन किए गए। 

Web Title: Congress protest in the country all over against restoration of the CBI director, Rahul Gandhi gave the arrest

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे