कांग्रेस के टिकट पर कर्नाटक एमएलसी उपचुनाव लड़ेंगे जगदीश शेट्टार, जानें कब होना है उपचुनाव
By मनाली रस्तोगी | Updated: June 19, 2023 17:54 IST2023-06-19T17:40:37+5:302023-06-19T17:54:20+5:30
शेट्टार के अलावा कांग्रेस ने 30 जून को होने वाले एमएलसी उपचुनाव के लिए तिप्पनप्पा कामकनूर और एनएस बोसेराजू को भी उम्मीदवार बनाया है।

कांग्रेस के टिकट पर कर्नाटक एमएलसी उपचुनाव लड़ेंगे जगदीश शेट्टार, जानें कब होना है उपचुनाव
बेंगलुरु:कांग्रेस ने आगामी कर्नाटक विधान परिषद उपचुनावों में पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार को उम्मीदवार बनाया है। शेट्टार के अलावा कांग्रेस ने 30 जून को होने वाले एमएलसी उपचुनाव के लिए तिप्पनप्पा कामकनूर और एनएस बोसेराजू को भी उम्मीदवार बनाया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन नेताओं लक्ष्मण सावदी, बाबूराव चियानचनसुर और आर शंकर ने विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी के टिकट से इनकार करने के बाद अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद ये सीटें खाली हो गई। ऐसे में अब इन सीटों के लिए उपचुनाव होना है।
हाल ही में संपन्न हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने पर लिंगायत नेता जगदीश शेट्टार ने भाजपा का दामन छोड़ दिया था और कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने हुबली धारवाड़ सेंट्रल सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन भाजपा उम्मीदवार से हार गए।