लाइव न्यूज़ :

राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने जनता का विश्वास खोया: पूनियां

By भाषा | Updated: December 4, 2021 20:16 IST

Open in App

जयपुर, चार दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने शनिवार को कहा कि राज्य की मौजूदा कांग्रेस सरकार अपने चुनावी वादों पर खरा नहीं उतरी है और जनता का विश्वास खो चुकी है। पूनियां ने साथ ही विश्वास जताया कि राज्य में 2023 में अगली सरकार भाजपा की बनेगी।

पूनियां शनिवार को पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक यहां शुरू हुई।

बैठक में पूनियां ने कहा, ‘‘राजस्थान भाजपा कार्यकर्ताओं के दिन-रात मेहनत करने के बावजूद और हमारी सरकारों द्वारा जनहित के कार्य करने के बावजूद राजस्थान में एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस का सिलसिला चला आ रहा है। मैं आप सब कार्यकर्ताओं से आह्वान करता हूँ कि राजस्थान को कांग्रेस मुक्त राजस्थान बनाएं और भाजपा को राजस्थान में अजय भाजपा बनाने का संकल्प आज लें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम सब मिलकर 2023 के विजय संकल्प को पूरा करेंगे और उसके बाद हर बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बने इसके लिए कार्य करेंगे।’’

राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए पूनियां ने कहा, ‘‘राज्य की कांग्रेस सरकार पूर्ण रूप से जनता में अपना विश्वास खो चुकी है। कांग्रेस ने 2018 में अपने घोषणापत्र में 10 दिन में किसानों का सम्पूर्ण कर्जा माफ करने, बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देन व बिजली की दरों में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं करने का वादा किया था लेकिन राज्य की अशोक गहलोत सरकार इन सब वादों से मुकर चुकी है। इसके चलते जनता में कांग्रेस सरकार के विरूद्ध भारी आक्रोश है।’’

बैठक में पारित राजनीतिक प्रस्ताव में भी कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा गया है, ‘‘राज्य की जनता दहशत में है, अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, सरकार का इकबाल खत्म है, प्रदेश की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है, दूसरी तरफ आंतरिक संघर्ष से जूझ रही व सत्ता के मद में चूर कांग्रेस सरकार बेपरवाह होकर भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।’’

पूनियां ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही दुनिया की एकमात्र पार्टी है जिसमें लोकतंत्र पूर्ण रूप से बसता है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के अलावा आज देश की सभी पार्टियां किसी न किसी परिवार की पार्टी कहलाती है मगर भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है जिसमें अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी जैसे सामान्य कार्यकर्ता देश के शीर्ष पदों को सुशोभित करते हैं। नरेंद्र मोदी जैसा चाय बेचने वाला कार्यकर्ता देश का प्रधानमंत्री बनकर दुनिया का सबसे शक्तिशाली नेता बनने का गौरव हासिल कर सकता है।’’

पारित राजनीतिक प्रस्ताव में भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा, आंतरिक एवं बाह्य सुरक्षा, कृषि, आर्थिक स्वावलंबन, पर्यावरण, सांस्कृतिक मूल्यों को लेकर किए गए अद्वितीय कार्यों, देश में गरीब कल्याण के लिए उठाए गए अभूतपूर्व कदमों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर, केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सदस्य ओमप्रकाश माथुर भी मौजूद थे।

बैठक के समापन सत्र को रविवार को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

ज़रा हटकेVIDEO: पूजा करने गया था श्रद्धालु, मंदिर में ही हो गई पिटाई – CCTV फुटेज वायरल

क्रिकेटKKR का खाता खुला, PBKS टॉप पर, मैच रद्द होने से बदला पूरा समीकरण

क्रिकेटKKR vs PBKS: ईडन गार्डन्स में आउटफील्ड गीली होने के कारण मैच रद्द, दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला

ज़रा हटकेVIDEO: हाईवे पर खतरनाक टावर गिरा, मौके पर प्रशासन मौजूद

भारतWest Bengal: विधानसभा चुनावों से पहले बंगाल की वोटर लिस्ट से करीब 90 लाख नाम हटाए गए

भारत अधिक खबरें

भारतAssam Opinion Poll 2026: बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए और भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में बना रहेगा, Matrize का अनुमान

भारतयूपी में सरकारी वकीलों की फीस 50% तक बढ़ाएगी सरकार, सरकारी खजाने पर बढ़ेगा 120 करोड़ रुपए का बोझ

भारत'मेरे पति 40 साल के हैं, मैं 19 की': मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में महिला ने अपने प्रेमी के साथ रहने का अधिकार जीता

भारत'IIT बाबा' अभय सिंह ने कर्नाटक की इंजीनियर से शादी की, पत्नी के साथ हरियाणा में अपने पैतृक गांव पहुंचे

भारतSamrat Vikramaditya Mahanatya: 60 हजार से ज्यादा दर्शकों ने देखा 'सम्राट विक्रमादित्य', वाराणसी के रोम-रोम में बसा अनोखा मंचन, देखें Photos