कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा किसान महापंचायत को संबोधित करेंगी

By भाषा | Updated: February 10, 2021 11:55 IST2021-02-10T11:55:09+5:302021-02-10T11:55:09+5:30

Congress General Secretary Priyanka Gandhi will address Vadra Kisan Mahapanchayat | कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा किसान महापंचायत को संबोधित करेंगी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा किसान महापंचायत को संबोधित करेंगी

सहारनपुर, 10 फरवरी कांग्रेस की राष्टीय महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को जिले के चिलकाना में आयोजित किसान महापंचायत को सम्बोधित करेगी।

महापंचायत में शामिल होने से पहले प्रियंका गांधी वाद्रा सहारनपुर जिले की सिद्धपीठ मां शाकुम्भरी देवी के दर्शन करेंगी।

कांग्रेस विधायक मसूद अख्तर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि प्रियंका गांधी वाद्रा जौलीग्रांट हवाई अड्डे से सड़क मार्ग द्वारा सुन्दरपुर बिहारीगढ़ से जसमोर होते हुए सबसे पहले मां शाकुम्भरी देवी के दर्शन करेंगी और वहां से मिर्जापुर थाना क्षेत्र के रायपुर स्थित खानकाह रहीमी मदरसा के पूर्व मुतवल्ली स्वर्गीय अब्दूल कय्यूम के परिजनो से मुलाकात करेंगी।

उन्होंने बताया कि इसके बाद प्रियंका गांधी चिलकाना स्थित जे जे इण्टर कालेज में आयोजित किसानों की महापंचायत को संबोधित करेंगी।

अख्तर ने बताया कि महापंचायत के बाद प्रियंका गांधी सहारनपुर के बेहट रोड जाकर पूर्व केन्द्रीय मंत्री दिवंगत काजी रशीद मसूद के परिजनो से मिलकर शोक सवेंदना व्यक्त करेंगी।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस महासचिव मसूद के परिजनों से मिलने के बाद शारदानगर स्थित शहीद निशांत शर्मा के घर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात करेंगी।

अख्तर ने बताया कि प्रियंका गांधी वाद्रा के सहारनपुर आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओ में विशेष उत्साह है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में प्रियंका गांधी वाद्रा की जनसभा सहारनपुर के गांधी पार्क में होनी थी लेकिन जिला प्रशासन द्वारा इसकी अनुमति नहीं दी गई थी।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया संयोजक ललन कुमार ने मंगलवार को ‘भाषा’ को बताया था कि प्रियंका 10 फरवरी को पार्टी के 'जय जवान जय किसान' अभियान के तहत सहारनपुर जिले की नकुड तहसील के चिलकाना में आयोजित होने वाली किसान पंचायत में शामिल होंगी।

कुमार ने बताया कि कांग्रेस ने प्रदेश के गांव-गांव में किसान आंदोलन की रूपरेखा तय कर ली है, पार्टी हर जिले की तहसीलों के बड़े गांवों से जय जवान-जय किसान अभियान शुरू कर रही है।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस का यह अभियान सहारनपुर, शामली, मुज़फ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, बदायूं, बरेली, रामपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई समेत 27 जिलों में शुरू हो रहा है।

ललन कुमार ने बताया कि 10 दिवसीय जय जवान-जय किसान अभियान में उत्तर प्रदेश और देश के कई बड़े नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Congress General Secretary Priyanka Gandhi will address Vadra Kisan Mahapanchayat

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे